बैंकों से हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लेकर देश छोड़ भागे पूर्व सांसद और कारोबारी विजय माल्या के प्राइवेट विमान को तोड़ा जा रहा है। दरअसल जिस अमेरिकी कंपनी ने नीलामी में इसे खरीदा था, उसने विमान तोड़कर भेजने को कहा है। अमेरिकी कंपनी की मांग पर इसे मुंबई में एयर इंडिया के हैंगर में तोड़ा जा रहा है। डिस्मेंटल करने के बाद इसे अलग-अलग पुर्जों के रूप में फ्लोरिडा भेजा जाएगा। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक से दो बार राज्यसभा सांसद रहे विजय माल्या पर करीब 10 हजार करोड़ रुपए बकाया है। भारत सरकार उनके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है लेकिन लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट में भी उनके खिलाफ एक मुकदमा चल रहा है।
कभी विजय माल्या की शान था ये विमानः A-319 नाम का यह प्राइवेट विमान कभी विजय माल्या की शान माना जाता था। लेकिन कर्ज वसूली के लिए सरकारी विभागों ने उनके विमान को जब्त कर उसकी नीलामी कर दी। इसमें हर तरह की लग्जरी सुविधाएं मौजूद थीं। कभी माल्या को उनकी शानो-शौकत और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए जाना जाता था। इस विमान को उनका स्टाइल स्टेटमेंट भी कहा जाता था।

अब विमान को 34 करोड़ रुपए में फ्लोरिडा की एक एविएशन मैनेजमेंट सेल्स कंपनी ने खरीदा था। बमुश्किल बिक पाया विमानः माल्या के विमान पर पहली तीन नीलामी में किसी ने बोली नहीं लगाई। इससे पहले माल्या का एक और जेट नीलामी के बाद तोड़ा जा चुका है।
ऑर्थर रोड जेल में रखा जाएगा माल्या कोः माल्या पर बैंकों के नौ हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बकाया हैं। वहीं इसके साथ-साथ 800 करोड़ रुपए का सर्विस टैक्स भी बकाया है। माल्या के खिलाफ कई एजेंसियां जांच कर रही है। भारत सरकार लगातार उनके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है। माल्या को भारत लाकर मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में रखा जाएगा।