Agra News: उत्तर प्रदेश में ताज नगरी आगरा से धर्मांतरण के एक बड़े धर्मांतरण गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और इसके पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्रपाल जादौन को राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक यह पहले हिंदू था लेकन पहले इसने ईसाई धर्म अपनाया और बाद में इस्लाम धर्म अपना लिया था।
पुलिस ने बताया कि अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्र पाल ने मुंबई में मुस्लिम लड़कियों से शादी की थी। वह मूल रूप से रजावली के गांव रामगढ़ का निवासी था। उसके पिता का नाम प्रेमपाल सिंह था। उसका एक भाई भी था। आरोपी के पिता के नाम करीब 60 बीघा जमीन थी। उसका अपने भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद था।
मुबई से कभी नहीं लौटा
महेंद्रपाल और उसके भाई ने मुस्लिम लड़कियों से शादी कर ली थी। इसके बाद वह गांव पहुंचा तो विवाद हो गया था। उसके भाई की हत्या हो गई। इसके बाद से वह गांव नहीं लौटा। आगरा के डिप्टी पुलिस अधीक्षक विनय विशाल के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे दिल्ली के जाफराबाद इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
महेंद्र पाल के भाई की जमीन विवाद के चलते ही हत्या हुई थी। इसके बाद पूरा परिवार गांव से मुंबई चला गया था और तब से कभी वापस नहीं लौटा। महेंद्रपाल को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया।
करवाता था लोगों का धर्मांतरण
गांव से जाने के बाद उसने अपनी पहचान पूरी तरह से बदल ली थी। अब्दुल रहमान नाम से उसने नई पहचान बनाई और एक संगठित धर्मांतरण नेटवर्क में सक्रिय हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि वह न सिर्फ खुद मजहब बदल चुका था, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करता था।