समाज को प्रेरणा और सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से तेजाब पीड़ित महिलाएं रविवार छह मार्च को यहां एक कार्यक्रम में रैम्प वॉक करेगीं। इस अवसर पर इन महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा। गैर सरकारी संस्था ‘प्रेरणा’ की संस्थापक सुनीता जैन ने शनिवार संवाददाताओं को बताया,‘तेजाब हमले के बाद महिला के जीवन में हर तरह से निराशा छा जाती है, लेकिन कुछ महिलाएं ऐसी भी हैं, जिन्होंने इसका शिकार होने के बाद आत्मविश्वास के बल पर न सिर्फ खुद को मजबूत बनाया, बल्कि अब दूसरों के लिए भी मिसाल साबित हो रही हैं।’

उन्होंने बताया कि संस्था प्रेरणा द्वारा प्रदेश में पहली बार अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह खास कार्यक्रम किया जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के लिए उदाहरण बनी ये महिलाएं रैम्प वॉक करेंगी और संस्था द्वारा इन्हें सम्मानित किया जाएगा।

एक प्रश्न के उत्तर में जैन ने बताया कि देश में करीब 300 महिलाएं तेजाब हमले का शिकार हुई हैं। संस्था ने इनमें से करीब 20 महिलाओं से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए संपर्क किया और पांच महिलाओं ने आयोजन में शामिल होने की सहमति दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में तेजाब पीड़ित महिलाओं का इस तरह का यह पहला आयोजन है।

संस्था की सचिव प्रेरणा जैन ने बताया कि कार्यक्रम में रितू, गीता, नीतू, डॉली और सुनीता को सम्मानित किया जाएगा। ये महिलाएं अलग अलग स्थानों पर तेजाबी हमले का शिकार हुई हैं, लेकिन इन्होंने हिम्मत और जुनून से न सिर्फ खुद को समाज की मुख्य धारा से जोड़े रखा, बल्कि सभी ने अपने रुचि के विषयों में संभावनाओं को तलाश कर रोजगार स्थापित करते हुए नाम कमाया। मंच पर ये सभी महिलाएं अपने अनुभव भी बांटेंगी।