बिहार के मोकामा से विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने शुक्रवार को दक्षिणी दिल्ली के साकेत अदालत में आखिरकार आत्मसमर्पण कर दिया। बीते कई दिनों से विधायक फरार चल रहे थे और बिहार पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। उन्होंने शुक्रवार को दोपहर के समय अदालत पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। अनंत सिंह ने अदालत में लिखित तौर पर कहा है कि उन्हें बिहार सरकार से खतरा है। साथ ही कहा है कि बीती 18 अगस्त से वे बुखार से पीड़ित थे और इस कारण वे गायब थे। हालांकि माना जा रहा है कि उनके घर से एके-47 रायफल की बरामदगी के बाद से विधायक कानूनी सलाह ले रहे थे। कानूनी सलाह लेने के बाद उन्होंने दिल्ली की अदालत में आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया।
फिलहाल, साकेत अदालत ने अनंत सिंह को दिल्ली पुलिस की हिरासत में भेज दिया है। उधर, बाढ़ की पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह की अगुआई में 15 पुलिसकर्मियों की एक टीम दिल्ली के लिए बिहार से रवाना हो गई है। अदालत ने दिल्ली पुलिस को अनंत सिंह के गैर जमानती वारंट के बारे में जानकारी जुटाने को कहा है। फिलहाल दिल्ली पुलिस बिहार पुलिस से संपर्क साधकर अनंत सिंह के बारे में जानकारी जुटा रही है।
बीती 16 अगस्त को बिहार पुलिस ने उनके पैतृक आवास पर छापामारी कर एक एके-47 रायफल, मैगजीन और कारतूस साथ में दो ग्रेनेड जब्त किए थे। इसके बाद से अनंत सिंह गायब थे। हालांकि, इस बीच अनंत सिंह ने कई वीडियो रिकॉर्डिंग जारी किए थे। गुरुवार शाम को तीसरा वीडियो जारी करते हुए उन्होंने कहा था कि वे पुलिस के समक्ष नहीं, बल्कि अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है। फरार होने के बाद पहली बार अनंत सिंह ने बीते 19 अगस्त को पहला वीडिया जारी किया था। उस वीडियो में उन्होंने बिहार के नेताओं पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाया था।
माना जा रहा है कि शनिवार सुबह तक बिहार पुलिस दिल्ली पहुंच जाएगी, जिसके बाद वह अदालत से अनंत सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ले जाने की मांग करेगी। तब तक अनंत सिंह दिल्ली पुलिस की हिरासत में रहेंगे। वहीं, बताया यह भी जा रहा है कि बिहार से फरार होने के बाद विधायक दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित ठिकाने पर छुपे हुए थे और अपने सलाहकारों से कानूनी मदद ले रहे थे। कानूनी सलाह लेने के बाद ही उन्होंने साकेत अदालत में आत्मसमर्पण किया है।

