Har Ghar Tiranga News: आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया है। बता दें कि इस बार 15 अगस्त के दिन भारत की आजादी के 75 साल पूरे होंगे। ऐसे में देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उत्तर प्रदेश के औरेया में निकाली गई तिरंगा यात्रा में हिंदू-मुस्लिम महिलाओं ने एक साथ हिस्सा लिया।

औरेया में तिरंगा यात्रा के दौरान महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। लोगों ने इस दौरान ‘हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई, आपस में हैं सब भाई भाई’ के नारे भी लगाए गए। इस यात्रा का नेतृत्व औरेया पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने किया। 13 अगस्त को औरेया पुलिस की तरफ से इसका वीडियो भी शेयर किया गया है। साथ में लिखा है, “थाना बिधूना में पुलिस तिरंगा यात्रा को धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय गीत बजाकर सकुशल सम्पन्न कराया।”

लगे वन्दे मातरम और भारत माता के जयकारे:

यात्रा को लेकर एसपी चारू निगम सबसे पहले कस्बा सहार पहुंची। जिसके बाद शाम 5 बजे से पुलिस कर्मियों के साथ पुर्वा रावत से तिरंगा यात्रा सहार बाजार पहुंची। इस दौरान वन्दे मातरम और भारत माता के जयकारा लगाए गए। वहीं एसपी चारू निगम ने लोगों से अपील की कि सभी अपने घरों पर तिरंगा लगाकर आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।

हरियाणा के झज्जर में 6600 फुट तिरंगा यात्रा:

हरियाणा के झज्जर में स्वतंत्रता दिवस से पहले 6,600 फीट लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान लोग लंबी कतार में चलते हुए अपने हाथों में तिरंगा झंडा पकड़े हुए दिखे। साथ ही लोगों ने वंदे मातरम और देशभक्ति के नारे लगाए। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वहीं रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी संत कबीर कुटीर के सरकारी आवास पर तिरंगा फहराया।

बता दें कि हर घर तिरंगा अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक भी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया अकाउंट भी लाखों लोग तिरंगे को डीपी में लगा चुके हैं।