पंजाब के मलेरकोटला जिले में रविवार (31 जुलाई, 2022) को एक जिम के अंदर आम आदमी पार्टी के एक नगर पार्षद मोहम्मद अकबर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोहम्मद अकबर को काफी नजदीक से गोली मारी गई थी।
मलेरकोटला की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवनीत कौर सिद्धू ने कहा, “एक व्यक्ति जिम आया और उसने अकबर को गोली मार दी।” पुलिस ने बताया कि एक गोली अकबर को लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, अकबर की हत्या व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक की पत्नी अकबरी के बयान पर दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस की प्राथमिक जांच में पाया गया है कि हमलावरों ने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया। कत्ल करने से पहले हमलावरों ने पार्षद अकबर की रेकी की थी। उन्हें इस बात की जानकारी थी कि वह कब जिम आते जाते हैं।
यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। वीडियो में अकबर जिम के अंदर एक अनजान शख्स की तरफ बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही अकबर करीब पहुंचते हैं, हमलवार हथियार निकालकर उनके गोली मार देता है। पुलिस ने कहा कि हत्या में शामिल दोनों हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
अकबर ने कांग्रेस से नगर काउंसिल का चुनाव लड़ा था और शानदार जीत हासिल की थी लेकिन पंजाब में सत्ता बदलने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। विधायक डॉ. मोहम्मद जमील-उर-रहमान ने मोहम्मद अकबर की मौत पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को जल्द इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया है।
करीब तीन साल पहले मोहम्मद अकबर के बड़े भाई मोहम्मद अनवर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। लुधियाना बाइपास के पास उन्हें दो हमलावरों ने गोली मारी थी। अनवर भी कांग्रेस नेता थे और नगर काउंसिल मालेरकोटला के पार्षद थे। अकबर की हत्या के बाद एक बार फिर से पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो रहा है। बता दें, पंजाब में आम आदमी पार्टी की ही सरकार है।