दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के एक और विधायक कानून की गिरफ्त में आ गए हैं। दक्षिण दिल्ली के देवली से आप विधायक प्रकाश झारवाल पर पुलिस ने एक महिला से छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। महिला ने विधायक पर छेड़छाड़ और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक वह (पीड़िता) 2 जून को पानी की समस्या के सिलसिले में ग्रेटर कैलाश स्थित दिल्ली जल बोर्ड के ऑफिस गई थी। वहां विधयाक के साथियों ने महिला के साथ बुरा व्यवहार किया। इतना ही नहीं उनलोगों ने महिला को जान से मारने की भी धमकी दी। जबकि खुद विधायक प्रकाश झारवाल ने महिला को धक्का दिया और उसके साथ कथित तौर पर गलत तरीके से पेश आए।

दूसरी ओर महिला के आरोपों पर आप विधायक ने इससे इनकार किया है और इसे राजनीतिश साजिश बताया। प्रकाश झारवाल ने कहा, ‘महिला द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं वे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीतिक साजिश के तहत मुझे फंसाया जा रहा है।’ पीड़िता के मुताबिक 2 जून को हुई इस घटना के बाद उन्होंने कुछ दिनों बाद दिल्ली के उपराज्यपाल और पुलिस कमिश्नर से संपर्क किया था। फिलहाल ग्रेटर कैलाश थाने में बुधवार (6 जुलाई) को आप विधायक प्रकाश झारवाल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354, 506 और 509 के तरह मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

इस मामले में भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी को घेरा। दक्षिण दिल्ली से भाजपा के सासंद ने मेश विधूड़ी ने दिल्ली सरकार के आप विधायक को निशाने पर लेते हुए उन्हें महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाली पार्टी बताया।