आम आदमी पार्टी ने संगरूर लोकसभा उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। गुरमेल सिंह उपचुनाव में आप के उम्मीदवार होंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को ट्वीट कर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनकी उम्मीदवारी का ऐलान किया।

आम आदमी पार्टी ने युवा वालंटियर और संगरूर के जिला प्रभारी गुरमेल सिंह को पंजाब उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। संगरूर की लोकसभा सीट पर 23 जून 2022 को मतदान होना है और मतगणना 26 जून को होगी। टिकट पाने वालों की रेस में भगवंत मान की बहन मनप्रीत कौर का नाम भी शामिल था, लेकिन आप ने परिवारवाद के आरोप से बचने के लिए उन्हें टिकट नहीं दिया।

भगवंत मान के त्याग पत्र से खाली हुई सीट: सीएम मान के गुरमेल सिंह के नाम की घोषणा करते ही उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कई कमेंट्स में कहा गया कि मुख्यमंत्री की बहन मनप्रीत को उम्मीदवार के रूप में नामित नहीं करके, आम आदमी पार्टी गलती करने से बच गयी।

लोकसभा में आप के इकलौते सांसद रहे भगवंत मान ने पंजाब का सीएम बनने के बाद सांसद पद से त्याग पत्र दे दिया था। सीट खाली होने के बाद यहां पर उपचुनाव करवाए जा रहे हैं। सीएम भगवंत मान दो बार इस सीट से सांसद रहे हैं। 39 साल के गुरमेल सिंह 2018 में संगरूर जिले के घराचोन (Ghrachon) गांव के सरपंच बने। वह आप के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं।

किसान हैं गुरमेल: गुरमेल सिंह 2018 में कांग्रेस सरकार के दौरान हुए पंचायत चुनाव में संगरूर जिले के एकमात्र आप सरपंच थे। वह आप के संगरूर जिलाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने 2014 में आप का समर्थन करना शुरू किया था जब भगवंत मान ने अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ा था। गुरमेल सिंह ने रणबीर कॉलेज, संगरूर से मैथ्स में एमएससी किया है। इसके साथ ही उन्होंने संगरूर के भाई गुरदास इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से एमबीए किया है।

आप के प्रत्याशी वह एक किसान हैं और उनके पास करीब आठ एकड़ जमीन है। वहीं, दूसरी ओर संगरूर लोकसभा उपचुनाव के लिए आचार संहिता लागू हो गई है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 जून है जबकि 9 जून तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। इसके अलावा चुनाव में खर्च के तौर पर कोई भी प्रत्याशी अधिकतम 95 लाख रुपए ही खर्च कर सकता है।