केरल के कालीकट स्थित शॉपिंग मॉल में एक परिवार शादी की खरीदारी के दौरान पांच साल की एक बच्ची को वहीं भूल गया। मॉल बंद करते वक्त सुरक्षाकर्मियों ने बच्ची को देखा तो मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी। बच्ची को सिर्फ अपना और अपने स्कूल का नाम याद था। ऐसे में वह कोई खास जानकारी नहीं दे पाई।
8 बच्चे गए थे शॉपिंग करने
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार आठ बच्चों के साथ शॉपिंग करने गया था। मॉल में छूटी बच्ची के पिता विदेश में रहते हैं, जबकि मां शॉपिंग करने नहीं गई थी। बच्ची अपने चाचा और अन्य परिवारवालों के साथ मॉल गई थी। घर पहुंचने पर उन्हें बच्ची के लापता होने की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। उन्होंने कई जगह बच्ची को तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
देर रात स्कूल से मिली जानकारी
मॉल के अधिकारियों ने बच्ची को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सबसे पहले बच्ची के स्कूल को ढूंढा, जहां से बच्ची के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद परिवारवालों को बच्ची के बारे में बताया गया। ऐसे में वह रात करीब दो बजे अपने घर पहुंच पाई।