मध्य प्रदेश के जबलपुर में निजी अस्पताल में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गयी और नौ लोग घायल हुए हैं। जबलपुर के चंडाल भाटा इलाके में स्थित न्यू लाइफ मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल में आज दोपहर आग लग गई। जिला कलेक्टर इलैयाराजा टी ने 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आग लगने से नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बचाव अभियान जारी है। दमकल की गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
वहीं, दूसरी ओर राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। घायलों के संपूर्ण इलाज का खर्च भी सरकार वहन करेगी। जबलपुर के सीएसपी अखिलेश गौर ने जानकारी दी, “अग्निकांड में 4 लोगों की मौत हो गई और 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण आग थी, और हमारी टीमों ने अस्पताल के अंदर फंसे सभी लोगों को बचाया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है।”
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश: इस दुर्घटना में कई मरीज झुलस गए हैं। वहीं, आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। फायर ब्रिगेड आग पर काबू करने का प्रयास कर रही है। पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी भी मौके पर हैं। जबलपुर के कलेक्टर इलैयाराजा ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी आग लगने की घटना पर दुख प्रकट किया है।
देखें वीडियो-
जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि न्यू सिटी हाउस अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब 9-10 लोगों की मौत हो गई है। एनडीआरएफ के जवान संजीव कुमार गुप्ता ने बताया, “हमारी टीम तुरंत आग लगने वाली जगह पर पहुंची। हमने तलाशी अभियान पूरा कर लिया है और कोई अंदर नहीं फंसा है। पहली मंजिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।”
शिवराज सिंह चौहान ने किया मदद का ऐलान: दुर्घटना के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, “जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निरंतर संपर्क में हूं। मुख्य सचिव को संपूर्ण मामले पर नजर बनाये रखने के लिए निर्देश दिया है। राहत एवं बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। जबलपुर के न्यू लाइफ अस्पताल में आग से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से हृदय दु:ख से भरा हुआ है।”
एक और ट्वीट में सीएम ने लिखा, “ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझें,मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश परिवार के साथ है।”