कोलकाता के एक अस्पताल में उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई जब एक साथ तीन-तीन लोगों ने एक बच्ची का पिता होने का दावा कर दिया। शनिवार (20 जुलाई) को यहां के आईआरआईएस हॉस्पिटल में एक महिला को भर्ती कराया गया था। उसके साथ एक उसकी मां और एक युवक थे। टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक महिला के पति होने का दावा करते हुए पहले शख्स ने हॉस्पिटल का फॉर्म भरा और एडवांस पैसे जमा कर दिए। इसके बाद महिला को ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया।

इसी बीच एक दूसरा शख्स वहां पहुंचा और महिला को अपनी पत्नी बताकर उससे मिलने की इच्छा जताई। यह सुनकर हॉस्पिटल स्टाफ दुविधा में पड़ गया। इसके बाद महिला का पति होने का दावा कर रहे दोनों शख्स आपस में ही भिड़ गए। इस दौरान पुलिस को बुलाकर दोनों को अस्पताल से बाहर किया गया। ऑपरेशन थियेटर के बाहर तमाम हंगामे के बीच महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया।

पुलिस ने दोनों लोगों से शादी का सबूत लाने को कहा। इस पर दूसरा शख्स मैरिज सर्टिफिकेट ले आया, वहीं पहले ने माना कि वह सिर्फ महिला का दोस्त है। हालांकि मैरिज सर्टिफिकेट से भी समस्या हल नहीं हुई क्योंकि महिला की मां ने उस दूसरे शख्स को अपना दामाद मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने महिला से ही उसके असली पति के बारे में पूछने का फैसला किया। पुलिस ने दोनों लोगों की उपस्थिति में महिला का बयान दर्ज करने की योजना बनाई।

बयान दर्ज होने से पहले ही मामला और उलझ गया। इसी बीच वहां एक तीसरा शख्स भी आ पहुंचा। उसने साफ किया कि वह महिला का पति नहीं है लेकिन बच्ची का पिता वही है। इसके बाद देर रात तक यह ड्रामा चलता रहा। आखिरकार देर रात पुलिस को महिला के बयान दर्ज करने की अनुमति बनी।

पुलिस के मुताबिक महिला ने बिना किसी झिझक के उस शख्स को पति और बच्ची का पिता बताया जो मैरिज सर्टिफिकेट लेकर आया था। पूरी उलझी हुई कहानी के बारे में बात करते हुए महिला ने बताया कि मैरिज सर्टिफिकेट वाले शख्स से उसकी अप्रैल 2019 में शादी हुई थी, लेकिन उसने उसे पत्नी मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पति के खिलाफ रेप का केस दर्ज करवा दिया। महिला के पति ने कहा कि दोनों की मुलाकात क्लब में हुई थी। जब वो गर्भवती हुई तो उसने टाइम मांगा लेकिन महिला ने शिकायत दर्ज करवा दी। उक्त शख्स ने कहा, ‘अंत में हमने शादी कर ली लेकिन कभी भी हमारे परिजनों ने शादी को स्वीकार नहीं किया तो हमने अलग-अलग रहना शुरू कर दिया। उसे वॉट्सऐप स्टेटस से यह पता चला कि उसकी पत्नी मां बनने वाली है।