यहां अनंतपुरा में एक ब्रेड कारखाने से 27 बाल श्रमिकों को रिहा कराया गया है। इसमें से अधिकांश बच्चे बिहार के हैं। पुलिस ने दावा किया है कि इन बच्चों की उम्र 14 साल से लेकर 17 साल के बीच है और इन्हें खतरनाक स्थितियों में दिन में 12 घंटे से अधिक काम करना पड़ता था। एक खुफिया सूचना के आधार पर कल मानव तस्करी विरोधी इकाई ने छापामारी की थी। इंस्पेक्टर कनिज फातिमा ने बताया कि मुक्त कराए गए 25 बच्चे बिहार से और दो उत्तर प्रदेश से हैं। इन्हें करीब दो महीने पहले एक निजी ठेकेदार लेकर आया था।

फातिमा ने बताया, ‘बच्चे खतरनाक स्थितियों में काम करते हुए पाए गए। ठंड होने के बावजदू उन्होंने पुराने और फटे कपड़े पहन रखे थे। उन्हें कम खाना दिया जाता था।’ उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में ब्रेड कारखाने के मालिक और निजी ठेकेदार के खिलाफ अनंतपुरा थाना में एक मामला दर्ज किया गया है। इन बच्चों को बाद में बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) के समक्ष पेश किया गया जिसने उन्हें आश्रय गृहों में भेज दिया।