Lok Sabha election 2019: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में गठबंधन बनाने करने के बाद बसपा और सपा ने सोमवार को मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा कर दी है। दोनों दलों द्वारा जारी किए गए प्रेस रिलीज में बसपा ने कहा कि वह सपा की तुलना में दोनों राज्यों में अधिक लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मध्य प्रदेश में सपा तीन सीटों पर जबकि बसपा बाकी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं, उत्तराखंड में सपा एक सीट पर तो बाकी की सीट पर बसपा चुनाव लड़ेगी।
बता दें कि यूपी में सपा-बसपा के बीच सीटों का बंटवारा होने के बाद दोनों पार्टियों ने मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी गठबंधन कर लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से सपा तीन सीटों (बालाघाट, ठिकरी और खुजराव) पर जबकि बसपा 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा उत्तराखंड की 5 सीटों में से चार पर बसपा अपने उम्मीदवार उतारेगी। सपा के खाते में पौड़ी (गढ़वाल) की सीट आई है।
बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में सपा- बसपा ने गठबंधन किया था। इसके बाद लोकसभा चुनाव के पहले सीटों का बंटवारा करते हुए सपा ने 37 और बसपा ने 38 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। बाकी तीन सीटें राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के खाते में गई हैं। जबकि रायबरेली और अमेठी सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी थी।
UP में सपा कोटे की सीटें- कैराना, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, मैनपुरी, फिरोजाबाद, बदायूं, बरेली, लखनऊ, इटावा, कानपुर, कन्नौज, झांसी, बांदा, इलाहाबाद, कौशांबी, फूलपुर, फैजाबाद, गोंडा, गोरखपुर, आजमगढ़, वाराणसी और मिर्जापुर हैं।
UP में बसपा कोटे की सीटें- सहारनपुर, बिजनौर, नगीना, अलीगढ़, आगरा, फतेहपुर सीकरी, धौरहरा, सीतापुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, कैसरगंज, बस्ती, सलेमपुर, जौनपुर, भदोही और देवरिया हैं।
