छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित गरियाबंद जिले में पुलिस ने लगभग 20 किलोग्राम वजनी बम बरामद किया है। बम को निष्क्रिय कर दिया गया है। गरियाबंद जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज बताया कि जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ीघाट के करीब पुलिस ने सड़क से लगभग 20 किलोग्राम वजनी एक बम बरामद किया है। बम को नष्ट कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मैनपुर थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जिला बल के संयुक्त पुलिस दल को गश्त में रवाना किया गया था। दल जब मैनपुर-कुल्हाडीघाट मुख्य मार्ग में कुल्हाडीघाट गांव से एक किलोमीटर पहले था तब उन्हें सड़क में बम लगा एक कन्टेनर मिला। अधिकारियों ने बताया कि माओवादी मुख्य मार्ग में बम युक्त कन्टेनर लगाकर पुलिस को नुुकसान पहुंचाना चाहते थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाद में पुलिस दल ने कंटेनर को नष्ट कर दिया। पुलिस दल को घटना के लिए जिम्मेदार नक्सलियों की खोज में रवाना किया गया है।