उत्तर प्रदेश पुलिस ने 2020 में प्रदेश में हुए अपराधों को लेकर कुछ आंकड़े जारी किए हैं। आंकड़ों के मुताबिक इस साल 648 क्रिमिनल गिरफ्तार हुए हैं वहीं 15 एनकाउंटर किए गए हैं। यूपी पुलिस ने बताया कि साल 2020 में बीते साल के मुकाबले अपराधों के मामलों में कमी आई हैं।

पुलिस के मुताबिक पिछले साल के मुक़ाबले 2020 में डकैती में 20%, लूट में 37% हत्या के मामलों में 5% की कमी आई है। इसके अलावा अपहरण में 15% और बलात्कार में 19% की कमी आई है। इस साल 15 लोगों का एनकाउंटर किया गया। सभी के ऊपर 50 हजार से ज्यादा की इनामी राशि थी। इस साल एसटीएफ ने एनकाउंटर में 648 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने इस साल गैंगेस्टर एक्ट के तहत करीब 668 करोड़ की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस ने दावा किया कि इस साल यूपी में एक भी सांप्रदायिक घटनाएं नहीं हुई। वहीं, 1621 एंटी रोमियो स्क्वायड ने 15,29,177 लोगो को चेक भी किया। इस साल कोरोना के चलते यूपी पुलिस के 12 हज़ार से ज्यादा कर्मी इसको चपेट में आए। महामारी के चलते 65 पुलिसकर्मियों की मौत भी हो गई। वहीं इसके अलावा 3025 पुलिसकर्मी और अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।

वहीं भारत में 2,300 से अधिक कुत्ते और 1,415 घोड़े पुलिस को सेवा दे रहे हैं। इस मामले में गुजरात सबसे पहले पायदान पर है और फिर इसके बाद उत्तर प्रदेश तथा महाराष्ट्र का नंबर है। पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो द्वारा जारी किए गए एक जनवरी 2020 तक के आंकड़ों के अनुसार गुजरात पुलिस की सेवा में सर्वाधिक घोड़े और ऊंट हैं तथा महाराष्ट्र पुलिस की सेवा में सर्वाधिक ‘स्निफर डॉग्स’ तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवा में सर्वाधिक ‘ट्रैकर डॉग्स’ हैं। ब्यूरो ने नवीनतम ब्योरे में कहा है कि भारत में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ‘ट्रैकर्स डॉग्स’, ‘स्निफर डॉग्स’, घोड़े और ऊंटों सहित 3,867 जानवर हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस के पास 215 घोड़े, 96 स्निफर और 117 ट्रैकर्स कुत्ते हैं। हालांकि, इस राज्य की पुलिस से संबंधित ब्योरे में ऊंटों और ‘अन्य’ जानवरों से संबंधित आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। महाराष्ट्र पुलिस की सेवा में 194 स्निफर और 104 ट्रैकर्स कुत्ते हैं, लेकिन कोई घोड़ा या ऊंट नहीं है।