दिल्ली नगर निगम के 13 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के अंतिम दिन सोमवार को नामांकन कराने वाले कुल उम्मीदवारों की संख्या 139 तक पहुंच गई। नामांकन के अंतिम दिन सभी पार्टी के उम्मीदवारों ने परचा भरा। भाजपा, कांग्रेस और आप के उम्मीदवारों ने नामांकन भरते ही पदयात्रा और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया।
भारतीय जनता पार्टी के तेहखंड से सुनील बिधूड़ी के साथ सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष शिखा राय, विकासनगर से सुनील जिंदल के साथ वरिष्ठ नेता प्रो जगदीश मुखी, प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश, मुनिरका से सुदेश टोकस के साथ प्रदेश मंत्री जयवीर राणा, बल्लीमारान से नितिन तिवारी, खिचड़ीपुर से विनोद कुमार बिन्नी और भाटी से ईश्वर सिंह ने नामांकन के परचे भर कर प्रचार अभियान तेज कर दिया। भाटी से कांग्रेस के बागी राजेंद्र सिंह तंवर ने भी परचा भरा। इन सभी ने परचा भरने से पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की और फिर ढोल-नगाड़े के साथ तय स्थान पर जाकर नामांकन दाखिल किया।
भाजपा के नवादा और मटियाला से पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में जगह-जगह बैठकें और सभा आयोजित कर वोटर को लुभाना शुरू कर दिया गया है। नवादा वार्ड नंबर-126 से भाजपा के कृष्ण गहलोत और मटियाला वार्ड नंबर-136 से अशोक शर्मा ने सोमवार सुबह और शाम में पदयात्रा कर लोगों से वोट मांगा। इन दोनों का चुनाव संचालन पूर्व विधायक राजेश गहलोत कर रहे हैं। गहलोत बीते निगम चुनाव में मटियाला से दस हजार वोट से विजयी हुए थे।
बाद में वे यहां से विधायक चुने गए तो इससे यह सीट खाली हो गई। सोमवार को अशोक शर्मा के समर्थन में नेबरहुड लेडी एसोसिएशन द्वारका ने एक बैठक कर भाजपा के शर्मा को विजयी बनाने की अपील की। यहां नवादा से कांग्रेस ने सतपाल सेठी और आप ने अजय गहलोत को जबकि मटियाला से कांग्रेस ने सुधा सिन्हा और आप ने रमेश को उम्मीदवार बनाया है। यहां चुनाव में रोचक मुकाबला है पर भाजपा खुद को सीटिंग सीट मानकर यहां से अपनी दावेदारी पक्की मान रही है। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन कुल 139 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसमें सभी 13 सीटों के सभी पार्टी के उम्मीदवार शामिल हैं।