कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को मुंबई में पार्टी की दो बड़ी रैलियों को संबोधित करने के लिए पहुंचे हैं। यह रैली बांद्रा स्थित MMRDA ग्राउंड पर आयोजित की जाएगी। इसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेतागण भी शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस पार्टी ने सभा में भीड़ जुटाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता कृपाशंकर सिंह और नसीम खान को जिम्मेदारी दी है। इन दोनों को वहां का जमीनी नेता और रैली के लिए भीड़ जुटाने में सक्षम बताया जाता है। ऐसा माना जा रहा है कि जो जितनी बसें भरकर लाएगा उसे उतना महत्व दिया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे तैयारियों मेंः माना जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में देश के राजनीतिक हालात बदल चुके हैं। पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायुसेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के बाद बदली परिस्थितियों में कांग्रेस ने नए सिरे से तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में राहुल गांधी की रैली में भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। यही नहीं कांग्रेस के कई नेता रैली को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से मुंबई में रूके हुए हैं। एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी) के सचिव आशीष दुआ और सोनल पटेल रैली की तैयारियों को बारीकी से परख रहे हैं। यही नहीं एआईआईसी के निर्देशों के बाद पिछले दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिलिंद देवड़ा और संजय निरुपम दोनों ने बीकेसी जाकर रैली की तैयारियों का जायजा लिया।
रैली से पहले माहौल बनाने की कोशिशः राहुल की रैली से पहले माहौल बनाने के लिए मुंबई कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी के स्वागत में बाइक रैली का भी आयोजन किया गया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की इस रैली में करीब 1000 से ज्यादा बाइकर्स शामिल हुए थे। यह रैली मिलत नगर, बेक रोड, अंधेरी पश्चिम से MMRDA मैदान, बांद्रा पूर्व तक कांग्रेस के झंडे और राहुल के पोस्टरों के साथ निकाली गई।
