अगले आठ साल में भारत की आबादी जनसंख्या के मामले में दुनिया में नंबर एक देश चीन से भी ज्यादा हो जाएगी। एक आकलन में यह बात सामने आई है। सोमवार को जारी यूएन की एक रिपोर्ट में ऐसा अंदाजा लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2050 तक भारत की कुल आबादी में 27 करोड़ 30 लाख और लोग जुड़ जाएंगे और सदी के आखिर तक भारत सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बना रहेगा।
द वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स 2019 नाम की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 2019 में भारत की अनुमानित आबादी 1.37 अरब जबकि चीन की जनसंख्या करीब 1.43 अरब है। 2027 तक भारत की आबादी चीन से ज्यादा हो जाएगी। यूएन के डिपार्टमेंट ऑफ इकॉनमिक ऐंड सोशल अफेयर्स के पॉपुलेशन डिविजन की रिपोर्ट के मुताबिक, 2050 तक दुनिया की आबादी में 2 अरब और लोग बढ़ने का अनुमान है।
दुनिया की आबादी अगले 30 सालों में वर्ततान में 7.7 अरब से बढ़कर 9.7 अरब हो जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट में आकलन है कि 2050 तक 55 देशों की आबादी कम से कम 1 पर्सेंट तक घट सकती है। संयोग से 2010 तक 27 देशों ने आबादी में न्यूनतम 1 पर्सेंट की कमी दर्ज की है। बहुत सारे देशों में आबादी घटने के इस ट्रेंड के पीछे जनन क्षमता का कमजोर होना है। कुछ मामलों में दूसरे देशों में विस्थापित होना भी इसकी एक वजह है।
घटती आबादी वाले 55 देशों में चीन की ही बात करें तो यहां 2050 तक आबादी में 2.2 प्रतिशत या 3.14 करोड़ की कमी की उम्मीद है। इसी समयावधि में भारत की आबादी में 2 करोड़ 73 लाख का इजाफा होने की उम्मीद है। 2027 में भारत के चीन से आगे निकल जाने के बाद दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाले 5 देशों में कोई बदलाव नहीं होगा और ये देश सदी के आखिर तक इस सूची में टॉप 5 में बने रहेंगे।