Tvs Jupiter Grande: देश की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी TVS Motor ने भारत में अपने लोकप्रिय स्कूटर Jupiter की रेंज टॉपिंग वैरिएंट Jupiter Grande को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। बता दें, इस स्कूटर को पहले ही कंपनी की अधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया गया है। Jupiter Grande कंपनी का एक फ्रेश प्रोडक्ट था, जिसे आखिरी बार सितंबर 2019 में अपडेट मिला था।
फिलहाल इस स्कूटर को बंद जरूर कर दिया गया है, लेकिन उम्मीद है कि इसे कंपनी बीएस6 अवतार में लॉन्च कर सकती है। ऐसा इसलिए भी कहा जा सकता है क्योंकि Jupiter को पहले ही कंपनी अपडेट कर चुकी है। बता दें, Jupiter Grande अपने सेगमेंट का एकमात्र स्कूटर है जो ब्लूटूथ-इनेबल्ड इंस्ट्रूमेंट पैनल के साथ उपलब्ध था। इसके साथ TVS SmartXConnect ब्लूटूथ का विकल्प मिलता है जिसे स्मार्टफोन के साथ कनेक्ट किया जाता है। इसके माध्यम से कॉल और टेक्स्ट नोटिफिकेशन, ओवर स्पीड अलर्ट, हेलमेट रिमाइंडर जैसे फीचर्स कंट्रोल किए जा सकते हैं।
स्टैंडर्ड TVS Jupiter की तुलना में Jupiter Grande लुक्स में भी ज्यादा प्रीमियम लगता है, इसके फ्रंट फेंडर पर क्रोम हाइलाइट्स, फुल-एलईडी हेडलाइट, डायमंड-कट अलॉय व्हील्स, क्लासी मैरून कलर की सीटिंग और रियर-व्यू मिरर को बेहद ही शानदार तरीके से स्टाइल किया गया है। इंजन विकल्प की बात करें तो अगर इसे बीएस6 अवतार में पेश किया जाता है तो इसमें 109.7 सीसी एयर कूल्ड OHC इंजन दिया जाएगा जो 7,500 आरपीएम पर अधिकतम 8 पीएस की पावर और 5,500 आरपीएम पर 8.4 एनएम का पीक टॉर्क प्रदान करेगा।
इसके साथ ही इसकी फचर लिस्ट में फ्रंट डिस्क ब्रेक और रियर ड्रम ब्रेक शामिल होंगे। इसमें कंपनी के सिंक ब्रेक सिस्टम की सुविधा भी दी जा सकती है। बता दें, Jupiter Classic नवंबर 2019 में बीएस 6 अपडेट लेने वाला पहला वाहन था, इसके बाद कंपनी ने इसके बेस मॉडल और Jupiter ZX वेरिएंट को जनवरी 2020 में पेश किया था। बता दें, हाल ही में कंपनी ने अपनी कम्यूटर बाइक TVS Radeon को नए अपडेटेड BS6 इंजन के साथ पेश किया है। इस बाइक की शुरुआती कीमत 58,992 रुपये तय की गई है वहीं इसके टॉप मॉडल की कीमत 64,992 रुपये है।