शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की कार पर आज दोपहर हमला किया गया। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें बहुत सारे लोग एक सफेद रंग की कार को निशाना बनाते देखे जा रहे हैं। कार पर पथराव भी हो रहा है। लोगों के हाथ में भी डंडे और दूसरे हथियार वीडियो में दिख रहे हैं। इस दौरान गोली चलने की आवाज भी सुनाई दे रही है।

उधर, अकाली दल का कहना है कि कांग्रेस के गुंडों ने सुखबीर बादल के काफिले पर हमला किया। पार्टी का दावा है कि इस दौरान हुई गोलीबारी में उनके तीन कार्यकर्ता जख्मी हो गए। पार्टी का दावा है कि ये तीनों कार्यरर्ता सुखबीर बादल को बचाने के लिए बदमाशों के सामने आ गए थे। तीनों को गोली लगी हैं। पार्टी का कहना है कि ये बदमाश कांग्रेस के हैं। पुलिस भी उनका साथ दे रही है।


बताया जाता है कि सुखबीर बादल के वाहन पर उस दौरान हमला किया गया जब वह एसडीएम दफ्तर में गए थे। निकाय चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल कराने सुखबीर जलालाबाद आए हुए थे। बताया जा रहा है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान ही अकाली और कांग्रेसी वर्करों के बीच भिड़ंत हो गई। इसी बीच कुछ लोगों ने सुखबीर बादल की गाड़ी पर हमला कर दिया। इस झड़प के दौरान कुछ लोगों ने सुखबीर सिंह बादल की गाड़ी भी तोड़ दी। शिअद नेता कांग्रेसियों पर हमला करने के आरोप लगा रहे हैं। इस समय स्थिति तनावपूर्ण है। पुलिस ने सारे इलाके को अपनी निगरानी में ले लिया है। पुलिस माहौल को शांत करने के लिए जुटी हुई है। किसी को भी न तो कोर्ट परिसर के भीतर जाने दिया जा रहा है और न ही बाहर आने की दिया जा रहा है।

मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि सुखबीर बादल सुरक्षित हैं और कोर्ट परिसर के अंदर ही मौजूद हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी है। हमले में कई लोगों के घायल होने की सूचना भी है। झड़प नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन के दौरान हुई। इस घटना के कारण नामांकन का कार्य रुक गया था और अब इसे दोबारा शुरू कर दिया गया है।