बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने चारा घोटाला में सजा काट रहे अपने पति और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लालू को शुभकामनाएं देने के लिए ट्वीटर का सहारा लिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने लालू के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर कर उनकी लंबी उम्र की कामना की।
राबड़ी ने ट्वीट किया ‘प्राणप्रिय, आदरणीय श्री लालू जी को 72वें अवतरण दिवस (जन्मदिन) की अनंत बधाईयां। आपको हमारी भी उम्र लग जावे।’
इस तस्वीर में वह लालू और राबड़ी हाथ में एक गुलाब का फूल लेकर खड़े हैं। बता दें कि लालू रांची की बिसरा मुंडा सेंट्रल जेल में सजा काट रहे हैं। फिलहाल तबीयत खराब होने के चलते रांची के ही राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। शनिवार को कांग्रेस और आरजेडी नेताओं ने उनसे मुलाकात की थी। जेल प्रशासन के निर्देशों के मुातिबक, प्रत्येक शनिवार को तीन लोगों को ही उनसे मिलने की अनुमति दी गई है।
वहीं लालू के दोनों बेटों तेजस्वी और तेज प्रताप यादव ने मां राबड़ी देवी की मौजूदगी में हरे रंग का केक काटकर पिता का जन्मदिन सेलिब्रेट किया। आरजेडी प्रमुख इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। वह टीवी पर ही इसे देखते रहे।
आरजेडी कार्यकर्ताओं ने लालू के वॉर्ड के बाहर किया सेलिब्रेट: आरजेडी का कार्यकर्ता लालू का 72वां जन्मदिन मनाने के लिए मंगलवार को उनके पेइंग वॉर्ड के बाहर एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ता केक, मिठाइयां और फुल लेकर पहुंचे। सभी ने लालू की लंबी उम्र की कामना की। कार्यकर्ताओं ने एक केक भी काटा। और अस्पताल प्रशासन से आग्रह कर उसे लालू तक पहुंचाया।