बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा दीपिका पादुकोण को सोमवार की रात बेचैनी की शिकायत के बाद मुंबई के ब्रीच अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्ट्रेस को सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल एक्ट्रेस के परिवार या टीम की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन्हें 26 सितंबर को देर रात घबराहट और सांस लेने में तकलीफ महसूस हो रही थी। हालांकि अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी तबीयत बेहतर बताई जा रही है।
बता दें कि कुछ महीनों पहले भी उन्हें हैदराबाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त एक्ट्रेस के दिल की धड़कने अचानक बढ़ गई थी। उस वक्त एक्ट्रेस साउथ एक्टर प्रभास के साथ अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। तभी उनकी हार्ट बीट बढ़ी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। करीब आधा दिन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था।
जैसे ही उनकी तबीयत में सुधार हुआ एक्ट्रेस वापस अमिताभ बच्चन के साथ शूट के लिए लौट आईं। ये फिल्म प्रभास के साथ उनका पहला प्रोजेक्ट है, जिसमें अमिताभ बच्चन भी हैं।
दीपिका पादुकोण बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की पत्नी भी हैं और दोनों का प्यार फैंस को बेहद पसंद आता है। बीते दिनों रणवीर सिंह को फिल्मफेयर 2022 में फिल्म 83 के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड दिया गया था। इस मौके पर रणवीर ने दीपिका पादुकोण को उनकी लाइफ में आने के लिए धन्यवाद किया।
स्पीच देते वक्त रणवीर ने कहा कि उनकी जिंदगी में जो भी कुछ हो रहा है उसकी उन्होंने उम्मीद नहीं की थी। विश्वास करना मुश्किल है कि वो एक्टर बन गए हैं। यह एक चमत्कार है। इस दौरान वो अपने इमोशन कंट्रोल नहीं कर पाए और रोने लगे। एक्टर ने आगे कहा,” आज हो कुछ भी हूं वो अपने माता-पिता और दीदी की वजह से हूं। वो मेरे भगवान हैं और मैं जो कुछ भी करता हूं अपने भगवान के लिए करता हूं। मेरे घर में लक्ष्मी है और यही मेरा सीक्रेट है।” वो दीपिका को स्टेज पर खींचकर लाए और उन्हें गले लगाते हुए कहा ये है मेरे घर की लक्ष्मी। ये वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ।