दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के ममेरे भाई राजकुमार सिंह को बाइक सवार तीन बदमाशों ने सहरसा के बैजनाथपुर चौक के पास दिनदहाड़े गोली मार दी। अपराधियों ने उनके मित्र हसन अली को भी गोली मारकर घायल किया है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। दोनों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। हसन अली की हालत गंभीर बनी हुई है।

वारदात की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन में जुट गई है। सहरसा की एसपी लिपि सिंह इस मामले की खुद विवेचना कर रही हैं। उन्होंने कहा, सहरसा पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। घटना की तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने बताया कि किन वजहों से इस घटना को अंजाम दिया गया है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। एसपी लिपि सिंह ने दावा किया कि इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार राजकुमार सिंह यामाहा शो रूम के मालिक हैं। उनके सहरसा, सुपौल और मधेपुरा में शो रूम है। शनिवार को वह मधेपुरा के लिए निकले थे। उनके साथ मित्र हसन अली भी थे। जैसे ही दोनों सहरसा के बैजनाथपुर चौक पहुंचे तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी ओवरटेक करके दोनों को गोली मार दी।

गौरतलब है कि इससे पहले पटना में इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन हेड रूपेश कुमार की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी हत्या तब हुई जब वे दफ्तर से घर लौटकर आए थे। उनके अपार्टमेंट के नीचे उन्हें गोली मारी गई। इस मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया है। खास बात है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहयोगी पार्टी बीजेपी के दो सांसदों ने इस हत्या के बाद नीतीश कुमार से सवाल पूछे हैं। एक के बाद एक करके हो रही आपराधिक वारदातों पर विपक्ष भी नीतीश पर हमलावर है। RJD नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की है। उनका कहना है कि नीतीश से अब बिहार संभल नहीं पा रहा है।