राजधानी के कापहसहेड़ा और हर्ष विहार में हुए सड़क हादसों में एक छह साल की बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई। कापसहेड़ा में शनिवार सुबह एक पांच सितारा होटल के कर्मचारी ने बच्ची की जान ले ली तो हर्ष विहार में शुक्रवार रात ट्रक ने एक व्यक्ति को मौत के घाट सुला दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियो को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इन दोनों दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा किया और काफी देर तक रास्ता जाम कर दिया।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कापसहेड़ा में सुबह आठ बजे हुई दुर्घटना की शिकार बच्ची की पहचान छह साल की बट्टी के रूप में हुई है। वह कापहसहेड़ा इलाके में झुग्गी में पिता परमान के साथ रहती थी। पिता डीडीए में अस्थाई बागवानी का काम करते हैं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर के रहने वाले हैं। शनिवार सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर सूचना मिली थी कि आई-20 कार में सवार एक व्यक्ति ने कार से बच्ची को टक्कर मार दी है। आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान 24 साल के सचिन पंवार के रूप में हुई। वह बेरसराय में रहता है। घटना द्वारका लिंक रोड पर हुई। वह शराब के नशे में था या नहीं इसकी जांच की जा रही है। वह द्वारका इलाके के एक पांच सितारा होटल में काम करता है और रात की ड्यूटी के बाद शनिवार सुबह बेरसराय स्थित घर लौट रहा था। तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

उधर हर्ष विहार में शुक्रवार रात 36 साल के नरेश नामके व्यक्ति को ट्रायल के लिए निकले ट्रक के इंजन ने कुचल दिया। नरेश गुड़गांव में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। बुध विहार मंडोली इलाके में रह रहा नरेश रात में चुंगी पर सब्जी खरीदने जा रहा था तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। उसे गुरु तेगबहादुर अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने लोनी रोड और सेवाधाम रोड को जाम कर दिया।

तीन करोड़ के मादक पदार्थ बरामद
नई दिल्ली, 6 अगस्त। मादक पदार्थ निरोधक विभाग ने एक कथित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर एक नाइजीरियाई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन करोड़ का मादक पदार्थ जब्त किया है। यह गिरोह विदेशों से खेप मंगाकर देश में इनकी आपूर्ति करता था।
मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की दिल्ली इकाई ने विदेश से आए एक पार्सल को रोका और जांच करने पर उसमें 500 ग्राम कोकीन पाया जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। एनसीबी अधिकारियों ने पाया कि नाइजीरियाई की पहचान बर्थोलोम्यो ओकोह उर्फ प्रिंस के तौर पर की गई है और वह इस रैकेट का कथित तौर पर मुख्य सरगना है। दो अन्य की पहचान ए रहमान और मोहम्मद हनीफ के तौर पर की गई है जो स्थानीय निवासी हैं। विकासपुरी में रह रहे ओकोह की तरफ से ये दोनों त्र्रिनिदाद एंड टोबैगो की राजधानी पोर्ट आफ स्पेन से आए पार्सल को लेने गए थे। ओकोह भारत में 2012 से रह रहा है। इस मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य करीब तीन करोड़ रुपए है।

सफदरजंग एंक्लेव : डकैती में नौकर था शामिल
अपराध शाखा ने चार दिन पहले हुई डकैती को सुलझाने का दावा किया है। सफदरजंग एंक्लेव में हुई इस डकैती का आरोपी अमरजीत उर्फ अमर टैगोर गार्डन का है। उसके पास से सोने का कड़ा, सोने की चेन, लाकेट आदि अन्य सामान बरामद कर लिए गए। वारदात में घर का नौकर भी शामिल था। शाखा के संयुक्त आयुक्त के मुताबिक, पीड़ित नियाती नागपाल और उनके बच्चे सहित नौकरानी कविता और नौकर रंजन घर में मौजूद थे।