पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता रहे यशवंत सिन्हा ने ट्वीट कर चुनाव आयोग और सरकार पर निशाना साधा है। यशवंत सिन्हा ने लिखा कि “चुनाव आयोग को तुरंत सभी विपक्षी पार्टियों पर सरकार का विरोध करने और देश में दंगा भड़काने के चलते प्रतिबंध लगा देना चाहिए। उन्होंने ऐसी हिम्मत कैसी की?” बता दें कि दिल्ली दंगों को लेकर मोदी सरकार आलोचकों के निशाने पर है। विपक्षी पार्टियां सरकार की आलोचना कर रही हैं। संसद के बजट सत्र में भी इसके चलते काफी हंगामा हो रहा है।
अपने एक अन्य ट्वीट में यशवंत सिन्हा ने तंज कसते हुए लिखा कि “विपक्षी पार्टियां बहुत बुरी हैं। वो सरकार का समर्थन करने के बजाय हमेशा राजनीति करती हैं। यदि वह भाजपा सरकार की तारीफ नहीं करती हैं तो उनके लिए लोकतंत्र में कोई जगह नहीं है।”
बीते दिनों किए गए अपने एक ट्वीट में यशवंत सिन्हा ने लिखा था कि “भारत के लोगों सावधान हो जाओ। ब्राउन शर्ट या पैंट? कब्जा कर रही है।” माना जा रहा है कि उनका इशारा आरएसएस की तरफ था।
यशवंत सिन्हा चुनाव आयोग से खफा लगते हैं क्योंकि वह पहले भी आयोग पर निशाना साध चुके हैं। बीते साल मई में यशवंत सिन्हा ने अपने एक बयान में कहा था कि ‘इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया अब इलेक्शन कमीशन ऑफ मोदी’ हो गया है। सिन्हा ने कहा था कि चुनाव आयोग छोटे-छोटे मामलों में एक्शन ले लेता है, वहीं पीएम को गंभीर मामलों में भी क्लीन चिट दी जा रही है।
Election Commission should immediately ban all opposition parties for opposing govt and causing riots in the country. How dare they?
— Yashwant Sinha (@YashwantSinha) March 2, 2020
यशवंत सिन्हा बीते लंबे समय से केन्द्र की मोदी सरकार से नाराज हैं और काफी मुखर होकर सरकार के खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं। दिल्ली हिंसा से पहले जामिया में हुए हंगामे को लेकर भी उन्होंने मोदी सरकार की आलोचना की थी।

