राजधानी दिल्ली में 11 जुलाई यानी आज मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों में नर्सरी से 5वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों के लिए छुट्टी की घोषणा कर दी है। लगातार बारिश के बीच हरियाणा द्वारा हथिनीकुंड बैराज से नदी में अधिक पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।
दिल्ली के ओल्ड रेलवे ब्रिज इलाके में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। पुल पर रेलवे और यातायात की आवाजाही रोक दी गई है। आज सुबह 8 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर 206.32 मीटर दर्ज किया गया। दिल्ली में नदी का उच्चतम बाढ़ स्तर 207.49 मीटर है।
यमुना बाजार इलाके में पानी भर जाने के बाद दिल्ली एलजी वीके सक्सेना का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “जलभराव एक सालाना रस्म बन गया है, सीवेज की सफाई नहीं की जाती है, नाली के पानी का ठीक नहीं किया जाता है। इन सभी चीजों के रहते जो वर्षों से नहीं किए गए हैं, जलजमाव होता है, यमुना की सफाई नियमित तौर पर की जानी चाहिए, यह सुनिश्चित करने की कोशिश करूंगा कि इस सब पर ध्यान दिया जाए ताकि लोगों को इसका सामना न करना पड़े”। यमुना बैंक के बाद दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने मिंटो रोड का दौरा किया और वहां के हालात का जायजा लिया है।
दिल्ली के ताजा हालात
पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के कारण यमुना में जल स्तर खतरे के निशान को पार कर जाने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में पुराने यमुना पुल पर रेल यातायात अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक सोमवार दोपहर तीन बजे हथिनीकुंड बैराज से करीब 2,15,677 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था जिसके प्रभाव से दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार (10 जुलाई) को मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना नहीं है, लेकिन सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
पूर्वी दिल्ली जिले के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को ऊंचे स्थानों पर बने शिविरों में ट्रांसफर किया गया है। केजरीवाल सरकार ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों और यमुना के जल स्तर की निगरानी के लिए 16 नियंत्रण कक्ष (Control Room) स्थापित किए हैं।
Delhi Rain ने तोड़े रिकॉर्ड, Yamuna River ने दिखाया रौद्र रूप, दिल्ली में बन गई बाढ़ जैसी स्थिती | VIDEO
पूरे उत्तर भारतीय क्षेत्र और खास तौर पर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
दिल्ली में 1982 के बाद से रविवार सुबह 8:30 बजे तक होने वाली 24 घंटे की बारिश जुलाई में एक दिन में सबसे अधिक बारिश (153 मिमी) है। अगले 24 घंटों में शहर में 107 मिमी अतिरिक्त बारिश हुई, जिससे स्थिति और खराब हो गई है।