संसद का मानसून सत्र चल रहा है। इस दौरान यहां महिलाओं का एक नया ग्रुप बनता दिख रहा है। सेंट्रल हॉल में युवा महिला सांसदों की जमघट रोज लगती है। उनके बीच बात-मुलाकात के दौरान हंसी-मंजाक का दौर भी चलता है। इस ग्रुप में कनिमोझी, सुप्रिया सुले, हरसिमरत बादल, पूनम महाजन, मीनाक्षी लेखी आदि सांसद शामिल होती हैं। ये सब अंग्रेजी में गप-शप करती हैं। मीसा भारती और डिंपल यादव का अलग ”गुट” है। दोनों रोज साथ ही खाना खाती हैं। मुलायम सिंह की बहू डिंपल और लालू यादव की बेटी मीसा रिश्तेदार भी हैं। मीसा की छोटी बहन की शादी मुलायम के भाई के पोते से हुई है। मीसा बाकी युवा महिला सांसदों से ज्यादा घुलती-मिलती नहीं हैं।
40 साल की मीसा राज्यसभा सांसद हैं। वह पहली बार संसद पहुंची हैं। वह जून में बिहार से निर्विरोध चुनी गई थीं। इससे पहले लालू यादव ने उन्हें लोकसभा चुनाव भी लड़ाया था, पर वह हार गई थीं। लालू यादव चारा घोटाले में सजायाफ्ता होने के चलते चुनाव लड़ने के अयोग्य हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपने बच्चों को राजनीति में सेटल कर दिया। उन्होंने अपने दोनों बेटों को बिहार सरकार में मंत्री बनवा दिया है। दोनों बेटे पहली बार विधायक बने हैं। इनमें से एक को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद उप मुख्यमंत्री के तौर पर सरकार में नंबर दो की हैसियत मिली हुई है। वह साफ तौर पर कहते रहे हैं कि जैसे डॉक्टर का बेटा डॉक्टर, इंजीनियर का बेटा इंजीनियर बनता है वैसे ही नेता का बेटा नेता क्यों नहीं बने?
READ ALSO: गुरु ग्रंथ साहिब का ‘अपमान’ करने वाली महिला को गुरुद्वारे के बाहर मारी गोली, मौके पर हुई मौत
वैश्विक स्तर पर संसद में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 22.4 प्रतिशत है, जबकि भारत की संसद में सिर्फ 12 प्रतिशत महिलाए हैं। महिला सांसदों की संख्या के आधार पर 140 देशों की सूची में भारत का स्थान 103वां है। अगर सिर्फ एशिया की बात करें तो भी भारत 18 देशों में 13वें नंबर पर आता है। दक्षिणी सूडान, सऊदी अरब जैसे देशों की संसद में भारतीय संसद से ज्यादा महिलाएं हैं।
