दक्षिणी राज्य केरल से एक चौंकाना वाला मामला सामने आया है। यहां के किशोर ने पुलिस से अपनी मां और सौतेले पिता पर जबरन इस्लामिक स्टेट (आईएस) में शामिल होने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

किशोर की शिकायत पर केरल पुलिस ने महिला और इसके पति के खिलाफ यूएपीए (UAPA) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात यह है कि महिला ने निकाह से पहले अपना धर्म बदला है।  द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की FIR वेनजारामूडू पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। यह पुलिस स्टेशन तिरुवनंतपुरम ग्रामीण पुलिस जिले में आता है।

पुलिस अधीक्षक केएस सुन्दरासन ने कहा, “हमने 16 साल के लड़के की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। अभी तक आगे की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हमें पहले उसके आरोपों की जांच करेंगे।इसके बाद ही अगले कदम उठाएंगे।”

महिला की पहली शादी से है बच्चा

पुलिस द्वारा द इंडियन एक्सप्रेस को दी गई जानकारी के अनुसार, किशोर महिला की पहली शादी से है। शिकायत में बताया गया है कि दोबारा शादी करने के बाद महिला ने धर्म परिवर्तन किया। इसके बाद यह कपल बच्चे को लेकर यूके चला गया।

लड़के ने आरोप लगाया है कि यूके में रहने के दौरान उसकी मां और सौतेले बाप ने उसे इस्लामिक स्टेट के वीडियो दिखाए और उसपर IS में शामिल होने का प्रेशर डाला।

आरोप यह भी है कि जब वे लोग कुछ समय पहले केरल लौटे तो लड़के को एक धार्मिक संस्थान में दाखिल कराया गया। जब वहां के स्टाफ ने उसके व्यवहार में बदलाव देखे। उन्होंने यह बात लड़के के असली पिता के परिवार को बताई, जिसके बाद शिकायत दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें: Abu Khadija: खतरनाक आतंकी अबु खदीजा को इराक और अमेरिका ने मार गिराया, ISIS को बड़ा झटका