UP, Bihar By-Election Results 2018 Winners: उत्तर प्रदेश की गोरखपुर व फूलपुर तथा बिहार की अररिया लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे बुधवार (14 मार्च) को घोषित कर दिए गए हैं। इसके अलावा बिहार के भभुआ व जहानाबाद विधानसभा में भी उपचुनाव के परिणामों का ऐलान भी कर दिया गया है। विजेताओं की सूची आप नीचे पढ़ सकते हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार में भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। बीजेपी तीनों लोकसभा सीटों पर हार गई है। गोरखपुर व फूलपुर में समाजवादी पार्टी ने शानदार जीत हासिल करते हुए बीजेपी को शिकस्त दी है। वहीं अररिया में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार ने कामयाबी पाई है।
बिहार उपचुनाव के रुझान के मुताबिक, पहले के रुझान में पिछड़ने के बाद राजद ने जल्द ही अररिया लोकसभा सीट पर बढ़त बना ली थी। भभुआ विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रिंकी पांडे ने कांग्रेस के शंभु पटेल को हरा दिया। जबकि जहानाबाद में राजद उम्मीदवार सुदय यादव ने जनता दल-युनाइटेड (जद-यू) के अभिराम शर्मा को 35,036 वोट से हरा दिया।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोकसभा उप चुनाव में भाजपा पर बड़ी बढ़त बनाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को बधाई दी। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया, “महान जीत। मायावती और अखिलेश जी को बधाई. अंत की शुरुआत हो चुकी है।” उन्होंने कहा, “अररिया और जहानाबाद जीतने पर लालू जी को बधाई। यह महान जीत है।”
UP गोरखपुर, फूलपुर उपचुनाव नतीजे 2018 LIVE
गोरखपुर सीट उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और फूलपूर सीट उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सासंद पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी कट्टर प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी को उपचुनाव में समर्थन का ऐलान किया था। सपा और बसपा का जनाधार भाजपा पर भारी पड़ता दिख रहा है। भाजपा दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों में हार की तरफ बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। सपा ने मतगणना की शुरुआत में ही बढ़त बना ली और भाजपा से हर चरण के बाद उसके मतों का अंतर बढ़ता चला गया।
सीट- विजयी उम्मीदवार- पार्टी
गोरखपुर – प्रवीण निषाद, समाजवादी पार्टी
फूलपुर – नागेंद्र सिंह पटेल, समाजवादी पार्टी
अररिया – सरफराज आलम, राष्ट्रीय जनता दल
भभुआ – रिंकी पांडे – भाजपा
जहानाबाद – सुदय यादव – राष्ट्रीय जनता दल
LIVE बिहार अररिया उपचुनाव रिजल्ट 2018
भाजपा ने 2014 में राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 73 पर जीत हासिल की थी। उसके सहयोगियों ने भी दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। सपा ने पांच सीटें अपने नाम की थी जबकि कांग्रेस और बसपा अपना खाता खोलने में नाकाम रही थीं।