Atishi Marlena: अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद सीएम आवास को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह कि दिल्ली के सिविल लाइंस में 6 फ्लैटरोड के आलीशान बंगले में आप सुप्रीमो कब तक रहेंगे? जिसकी साज-सज्जा में करोड़ों रुपये खर्च हुए थे। साथ ही इस आवास को लेकर बीजेपी की तरफ से कई तरह के सवाल भी उठाए गए थे।

ऐसे में बड़ा सवाल यह भी है कि आतिशी मार्लेना जो दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री होंगी। वो अभी मथुरा रोड के AB-17 बंगले में रहती हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि केजरीवाल की जगह दिल्ली के होने वाली मुख्यमंत्री आतिशी सीएम हाउस में शिफ्ट होंगी या होंगी तो कब तक या फिर अन्य बंगले से सीएम का कामकाज संभालेंगी। ऐसे में आतिशी तीन ऑप्शन हैं। आइए इन्हीं तीन ऑप्शन पर नजर डालते हैं।

दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री आतिशी के सामने कौन से तीन ऑप्शन?

दूसरे राज्यों की तरह दिल्ली में कोई आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास नहीं है। पिछले मुख्यमंत्री अलग-अलग बंगले में रहे हैं। जब दिल्ली को 1993 में विधानसभा मिली, तो सबसे पहले मथुरा रोड का यही AB-17 वाला बंगला और फिर बाद में 3, मोती लाल नेहरू मार्ग स्थित बंगला आवंटित किया गया।

दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसे में तीन विकल्प हैं। आतिशी AB-17 वाले बंगले में ही बने रहने का अनुरोध कर सकती हैं। वह मोती लाल नेहरू मार्ग स्थित बंगले में शिफ्ट हो सकती है, या फिर वह 6, फ्लैगस्टाफ रोड वाले मौजूदा मुख्यमंत्री आवास में रहने जा सकती हैं।

आतिशी मार्लेना अगर सिविल लाइंस वाला बंगला चुनती हैं तो फिर अरविंद केजरीवाल को वह घर खाली करना पड़ सकता है। अधिकारी ने कहा कि आमतौर पर, इस्तीफे के बाद सरकारी पदाधिकारियों को बंगला खाली करने के लिए दो से तीन हफ्ते की मोहलत दी जाती है। इस दौरान केजरीवाल राष्ट्रीय पार्टी का प्रमुख होने के नाते दिल्ली में नए घर के लिए आवेदन कर सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बीच आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि केजरीवाल अगले दो हफ्तों में मुख्यमंत्री आवास को खाली कर सकते हैं। वहीं पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि हमने ऐसे भी नेताओं को देखा है, जो पद छोड़ने के बाद भी सुविधाओं से चिपके रहते हैं, लेकिन आप संयोजक ने तय किया है कि जैसे ही मुख्यमंत्री पद का त्याग, वैसे ही वह सीएम आवास छोड़ देंगे।

संजय सिंह से जब पूछा गया कि क्या आतिशी नए आवास में रहेंगी? इस सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि अभी तो उनकी शपथ भी नहीं हुई है। एक बार शपथ हो जाने दीजिए। तारीख आने दीजिए। बाकी सवालों का जवाब उस वक्त देंगे।

केजरीवाल ने आतिशी को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री तो घोषित कर है, लेकिन उनके शपथ ग्रहण को लेकर अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है? इस सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि यह तो LG साहब से पूछिए। ये तो वही बता सकते हैं। एलजी साहब की फाइल कैसे चलती है, कैसे आती है, कैसे जाती है। ये सब वही बेहतर जानते हैं। ये सब सवाल LG साहब से बनते हैं।