Heatwave in Mumbai: हाड़ कंपाने वाली ठंड झेलने के बाद अब लोगों को चिलचिलाती गर्मी की मार सहने के लिए तैयार हो जाना चाहिए। हालांकि मुंबई में इस बात की उम्मीद किसी ने नहीं की थी कि मौसम विभाग फरवरी के आखिर में ही हीट वेव का अलर्ट जारी कर देगा। मुंबई में सोमवार को तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो पिछले पांच सालों में फरवरी में दर्ज किया गया सबसे अधिक है। इसके बाद मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि 25 और 26 फरवरी को मुंबई में रहने वाले लोगों को हीट वेव का सामना करना पड़ सकता है।
हीट वेव के इस अलर्ट ने मुंबई के लोगों की चिंता तो बढ़ाई ही है, देश के दूसरे शहरों और महानगरों में रहने वाले लोगों को भी इस बात के लिए परेशान किया है कि क्या इस बार गर्मी पिछली बार से ज्यादा रौद्र रूप दिखाएगी।
मौसम विभाग का कहना है कि हीट वेव से बचने के लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए और खुद को कवर करके रखना चाहिए। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा और इसके बाद शायद इसमें थोड़ी सी कमी आएगी लेकिन फिर भी लोगों को बहुत ज्यादा राहत नहीं मिलेगी।
बीजेपी-जेडीयू को बिहार में कैबिनेट विस्तार की जरूरत क्यों पड़ी
घनी आबादी वाला शहर है मुंबई
मुंबई बहुत ही घनी आबादी वाला शहर है। पूरे उत्तर भारत से लोग यहां पर रोजी-रोजगार और काम-धंधे की तलाश में आते हैं। ऐसे में एक बड़ी आबादी मुंबई में रहती है और इस वजह से वहां पर गर्मी के अलावा ट्रैफिक जैसी परेशानियों से भी लोगों को दो-चार होना पड़ता है। अनुमान के मुताबिक मुंबई में लगभग ढाई करोड़ लोग रहते हैं।
मौसम विभाग का यह अलर्ट इसलिए भी परेशान करने वाला है क्योंकि पिछली बार विभाग ने मार्च और अप्रैल के बीच में मुंबई और इसके आसपास के इलाकों के लिए हीट वेव की चेतावनी जारी की थी। मुंबई में हीट वेव का आना अब सामान्य बात हो गई है और इस तरह के मौसम का पैटर्न मुंबई के लिए पूरी तरह असामान्य है। जबकि फरवरी में मुंबई में समुद्री हवाएं चलती हैं और इससे इस शहर का मौसम काफी सुहावना हो जाता है।
‘मैं माफी चाहता हूं…’ तमिलनाडु में बोले अमित शाह; सीएम स्टालिन को दिया बड़ा चैलेंज
चूंकि मुंबई एक तटीय शहर है इसलिए यहां पर मौसम विभाग की दो ऑब्जर्वेटरी हैं। यह ऑब्जर्वेटरी- सांताक्रूज और कोलाबा में हैं। मौसम विभाग के नियमों के मुताबिक, जब भी ये दोनों स्टेशन दो दिनों के लिए 37 डिग्री सेल्सियस का औसत अधिकतम तापमान दर्ज करते हैं तो ऐसे में हीटवेव की चेतावनी जारी की जानी चाहिए। सोमवार को सांताक्रूज़ में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलाबा में यह 36.8 डिग्री था।
फरवरी के महीने में बढ़ा तापमान
मौसम विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने The Indian Express को बताया कि पिछले 10 सालों में फरवरी के महीने में दिन का तापमान बढ़ा है। नायर ने कहा, ‘इन दिनों पूर्वी हवाएं चल रही हैं और इस वजह से समुद्री हवाएं चलने में देरी हो रही है। समुद्री हवाएं आमतौर पर सुबह 10-11 बजे तक चलने लगती हैं लेकिन पूर्वी हवाओं के कारण, यह कुछ घंटे देर बाद चलती हैं, जिससे दिन के समय में तापमान बढ़ जाता है। अगर समुद्री हवाएं समय पर आ जाएं तो तापमान इतना ज्यादा नहीं बढ़ेगा।’ मौसम विभाग ने कहा है कि हीटवेव के दौरान लोग दिन के समय, खासकर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर जाने से बचें।
कौन हैं संजीव अरोड़ा जिन्हें लुधियाना वेस्ट से AAP ने बनाया उम्मीदवार?
लू और ग्लोबल वार्मिंग
आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर रघु मर्तुगुड्डे बताते हैं कि मुंबई में हीट वेव का आना सामान्य हो चुका है। उन्होंने The Indian Express को बताया कि इस समय हवाएं मध्य पूर्व और भूमध्यसागर क्षेत्र से भारतीय उपमहाद्वीप की ओर आ रही हैं। वहां की ज्यादातर जमीन रेगिस्तान से घिरी है, यह तेजी से गर्म हो रही है, इससे उठने वाली गर्म हवाएं भारत की ओर आ रही हैं, जिससे तापमान बढ़ रहा है। मर्तुगुड्डे के अनुसार, यह बदलाव आमतौर पर गर्मी के महीनों (मार्च से मई) में होता था लेकिन अब इसका समय बदल गया है।
क्लिक कर जानिए पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने नदियों को लेकर क्या चेतावनी दी?