BJP Attack Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए सवाल किया कि वह अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली से ज्यादा वियतनाम में समय क्यों बिता रहे हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, ‘राहुल गांधी कहां हैं? मैंने सुना है कि वह वियतनाम गए हुए हैं।’
भारतीय जनता पार्टी के नेता ने कहा, ‘नया साल वियतनाम में, होली भी वियतनाम में? मुझे बताया गया है कि उन्होंने वियतनाम को 22 दिन का समय दिया है। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में भी इतना समय नहीं बिताया है।’ वहीं अमित मालवीय ने कहा कि विपक्ष के नेता के लिए ऐसी अघोषित यात्राएं अशोभनीय हैं और इससे नेशनल सिक्योरिटी को लेकर चिंताएं पैदा होती हैं।
राहुल गांधी विदेश यात्राओं के बारे में स्पष्टीकरण दें- अमित मालवीय
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा, ‘यह महत्वपूर्ण है कि कांग्रेस राहुल गांधी की लगातार विदेश यात्राओं के बारे में स्पष्टीकरण दे, जिसकी जानकारी न तो संसद में दी जाती है और न ही सार्वजनिक की जाती है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता उदित राज उनकी हालिया यात्रा की पुष्टि करते हैं, लेकिन केवल कारणों के बारे में अटकलें लगाते हैं। विपक्ष के नेता के रूप में, राहुल गांधी एक महत्वपूर्ण पद पर हैं और उनकी कई गुप्त विदेश यात्राएं, खासकर जब संसद सत्र चल रहा हो औचित्य और राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में गंभीर सवाल उठाती हैं।’
जब अचानक कांग्रेस दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी
कांग्रेस ने किया बचाव
बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद के बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, ‘पीएम मोदी इतनी सारी विदेश यात्राएं करते हैं। पीएम मोदी ने जितनी विदेश यात्राएं की हैं, वह राहुल गांधी की यात्राओं से कहीं ज्यादा है। राहुल गांधी का स्वभाव और विचारधारा वैश्विक है, वह बौद्धिक हैं। वह चीजों को पढ़ते हैं। उनका जीने और सोचने का अपना तरीका है।’
पहले भी राहुल गांधी के विदेश दौरे पर हुआ विवाद
राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा संसद में चल रहे बजट सत्र के दौरान हुई है व कुछ महीने पहले ही वे भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिवसीय शोक अवधि के दौरान दक्षिण एशियाई देश गए थे। 26 दिसंबर को मनमोहन सिंह के निधन के बाद गांधी की वियतनाम यात्रा की भी तीखी आलोचना हुई थी। बीजेपी ने कहा था कि कांग्रेस नेता नए साल के जश्न के लिए उस समय रवाना हुए जब देश पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है। लोकसभा में राहुल गांधी का प्रधानमंत्री मोदी पर तंज