Worli Hit and Run Case: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के वर्ली इलाके में एक तेज रफ्तार BMW कार ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया, खतरनाक हादसे के चलते महिला की मौत हो गई है। वहीं कार चलाने वाला शख्स घटनास्थल से फरार हो गया। इस मामले में पुलिस पूछताछ के बाद पाया कि जिस BMW कार से एक्सीडेंट हुआ है, वह राजेश शाह नाम के व्यक्ति की है। राजेश शाह कोई और नहीं, बल्कि शिवसेना के शिंदे गुट के नेता हैं। पुलिस ने राजेश शाह समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त गाड़ी महिर शाह चला रहा था, जो कि सीएम एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना राजेश शाह का बेटा है। राजेश शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है लेकिन अभी तक मिहिर शाह फरार ही है, जिसकी मुंबई पुलिस तलाश कर रही है। राजेश शाह के साथ पुलिस ने मिहिर के दोस्त राजऋषि बिदावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
संजय राउत ने घटना पर दिया बड़ा बयान
हिंट एंड रन के इस केस में राजनेताओं का कनेक्शन निकलने के चलते यह मामला सियासी तौर पर भी गर्म हो गया है। कांग्रेस-शिवसेना ने सरकार पर हमला किया कि संजय राउत ने कहा कि आज यह कुचल कर भाग गया, बाद में मुख्यमंत्री शिंदे भी फरार हो जाएंगे। संजय राउत ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैंने सुबह पुलिस कमिश्नर से बात की है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह (आरोपी) किस पार्टी से है। कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कानून के सामने सभी समान हैं।
कौन है मिहिर शाह?
मिहिर शाह की उम्र 24 साल बताई जा रही है, जो कि मामले का मुख्य आरोपी है। खबरें यह हैं कि हादसे के वक्त मिहिर शाह ही लग्जरी कार चला रहा था और उसके साथ उसका ड्राइवर राजऋषि बिदावर भी था, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में है। मिहिर ने 10वीं तक पढ़ाई की है और उसके बाद आगे की पढ़ाई नहीं की। वह महाराष्ट्र में अपने पिता के कंस्ट्रक्शन और रियल एस्टेट के कारोबार में मदद करता है।
लावारिस मिली थी कार
बता दें कि BMW को बांद्रा ईस्ट इलाके के कला नगर में लावारिस हालत में पाया गया। मिहिर ने अपनी कार बांद्रा में छोड़ दी और फिर ऑटो-रिक्शा लेकर भाग गया था। उसका साथी राजऋषि भी ऑटो लेकर बोरीवली चला गया था। पुलिस सूत्र बताते है कि आरोपी ने कल रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर लौटते समय वह गाड़ी चला रहा था और तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने उस स्कूटर को टक्कर मार दी जिस पर प्रदीप और कावेरी घर लौट रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि अखबार को बताया कि मिहिर देश छोड़कर भी भाग सकता है, इसके चलते उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि आरोपी का पता लगाने के लिए 6 टीमें लगाई गई हैं।