Who Noida scrap mafia Ravi Kana: ग्रेटर नोएडा के सबसे बड़े स्क्रैप माफिया और स्टील तस्कर रवि काना और उसकी गर्लफ्रेंड काजल झा को थाईलैंड से गिरफ्तार किया गया है। एक दशक पहले कबाड़ से करोड़पति बनने तक का सफर तय करने वाले स्क्रैप माफिया का साम्राज्य अब समाप्त होने की कगार पर आ गया है। पुलिस ने जनवरी में उसकी और उसका साथ देने वाली काजल झा की संपत्ति को सीज कर दिया था।
रवि नागर उर्फ रवि काना स्क्रैप व्यापारी रहा है। उसके खिलाफ इस साल 2 जनवरी को ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 पुलिस स्टेशन में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, 42 साल के काना के खिलाफ 28 दिसंबर 2023 को नोएडा सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन में गैंगरेप का मामला भी दर्ज हुआ था। कभी कबाड़ बेचने और खरीदने वाले रवि काना के गैंगस्टर बनने की कहानी फिल्मी है।
रवि काना कैसे बना गैंगस्टर
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक दशक पहले तक रवि काना कोई छोटे-मोटे काम करता था। साल-2014 में छोटे भाई और गैंगस्टर हरेंद्र प्रधान की हत्या के बाद रवि काना ने अपराध की राह पकड़ ली। उसने लोगों में डर का माहौल पैदा करके जबरन ट्रकों से सरिया उतरवाकर सप्लाई करना शुरू कर दिया। इसी बीच, वह नामी बदमाश अनिल दुजाना के संपर्क में आया और उसका राइट हैंड बन गया। बाद में अनिल दुजाना तो एनकाउंटर में मारा गया लेकिन रवि काना क्राइम की दुनिया में तेजी से बढ़ने लगा।
कबाड़ से करोड़पति बनने के सफर में रवि काना पर कुछ अधिकारियों का भी हाथ रहा। इस बात की भी चर्चा अलग-अलग समय पर होती रही है। साथ ही, रवि काना का संबंध कुछ नेताओं से भी रहा है। यही कारण रहा कि उसने अपनी भाभी बेबन नागर को इलेक्शन में खड़ा किया। हालांकि, अब उसके अरेस्ट होने के बाद कुछ नए खुलासे होने बाकी हैं।
काजल बनी माफिया की पार्टनर
करीब आठ साल पहले दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाली युवती रवि काना के पास नौकरी के लिए आई थी। उसे गिरोह में नौकरी के लिए रखा गया। इस युवती का नाम काजल झा था। बाद में यही युवती रवि काना की बहुत भरोसेमंद बन गई। जल्दी ही वह उसकी पार्टनर बन गई। इतनी नजदीकियां रवि के परिवार को सही नहीं लग रही थी। वह रवि काना को उसके काले धंधों में भी सलाह देने लगी। साथ ही, काले कारनामों में बराबर की हिस्सेदार भी रही। इस बात को पुलिस ने कोर्ट में दायर चार्जशीट में कहा है।
रवि काना की इस केस ने खड़ी की मुसीबत
एक महिला द्वारा 11वां मामला दायर करने से पहले रवि काना के खिलाफ 10 मामले दर्ज थे। रवि काना सहित पांच लोगों के खिलाफ सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के एक मॉल की पार्किंग में युवती से गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया गया। इसी के बाद से उसकी मुसीबतें बढ़नी शुरू हो गईं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रवि काना उन पांच लोगों में से एक था, जिन्होंने लगभग छह महीने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे धमकी देने के लिए इसका वीडियो भी बनाया। महिला ने पुलिस को बताया कि यह कुछ महीने पहले की बात है जब वह नौकरी की तलाश में थी। तभी उसकी मुलाकात रवि काना के सहयोगियों राजकुमार और मेहमी से हुई, जिन्होंने उसे नौकरी के बहाने बहलाया-फुसलाया। शिकायत में आगे कहा गया है कि दोनों उसे एक जगह ले गए जहां रवि काना अपने दो अन्य सहयोगियों आजाद और विकास के साथ उससे मिला था। इसके बाद पांच आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने 350 करोड़ रुपये की संपत्ति सील की
नोएडा पुलिस ने गैंगस्टर की गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और दिल्ली में करीब 350 करोड़ रुपये की संपत्ति सील कर दी। इसमें रवि काना का दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 80 करोड़ रुपये का बंगला भी शामिल है, जो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड के नाम पर खरीदा था। नोएडा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा में भी 40 बीघे जमीन को सील कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने यह संपत्ति अवैध कमाई के जरिये खरीदी थी।
