Nagpur Violence News, Faheem Khan: महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को हिंसा हुई थी। इस हिंसा में कई लोग घायल हुए थे। वहीं पुलिस पर पत्थरबाजी की घटना भी सामने आई थी। अब पुलिस ने बड़ा दावा किया है। पुलिस ने दावा किया है कि इस हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम खान है और उसी ने लोगों को भड़काया और 500 लोगों को पुलिस स्टेशन पर इकट्ठा किया। पुलिस ने फहीम खान को गिरफ्तार कर लिया है। फहीम खान 21 मार्च तक पुलिस हिरासत में रहेगा।
कौन है फहीम खान?
पुलिस ने इस मामले में कई FIR दर्ज की है। गणेशपेठ पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में खुलासा हुआ कि भीड़ ने अंधेरे का फायदा उठाकर महिला पुलिसकर्मी के साथ छेड़खानी की भी कोशिश की थी। फहीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी का शहर अध्यक्ष है।
फहीम खान नागपुर के यशोधरा नगर में संजय बाग कॉलोनी में रहता है। FIR में उसका नाम भी शामिल है। FIR के अनुसार फहीम खान ने झड़प शुरू होने से कुछ समय पहले भड़काऊ भाषण दिया था। इसके कारण ही हिंसा भड़की। फहीम खान 2024 के लोकसभा चुनाव में नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुका है। हालांकि उसे साढ़े छह लाख वोटों के अंतर से हार मिली थी।
पुलिस के अनुसार फहीम खान द्वारा इकट्ठा की गई भीड़ ने कुल्हाड़ी, पत्थर, लाठियां और अन्य खतरनाक हथियारों के साथ आतंक पैदा करने के इरादे से हथियारों को हवा में लहराया। फहीम खान पर धार्मिक दुश्मनी को बढ़ावा देने के इरादे से सामाजिक सद्भाव को बिगड़ने का भी आरोप लगा है।
कश्मीर पैटर्न पर हुई पत्थरबाजी
इस बीच महाराष्ट्र गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार दावा किया गया है कि नागपुर हिंसा के दौरान पत्थरबाजी कश्मीर पैटर्न पर हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। नागपुर के पुलिस कमिश्नर रविंद्र कुमार सिंघल ने बताया कि घटना के बाद संवेदनशील इलाकों में 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा QRT और दंगा नियंत्रण पुलिस को भी तैनात किया गया है।
क्यों भड़की थी हिंसा?
सोमवार को नागपुर में हिंसा भड़की थी। अधिकारियों के अनुसार एक अफवाह के कारण हिंसा भड़की थी। पहले कुछ संगठन औरंगजेब की कब्र हटाने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। इसी के बीच अफवाह फैल गई कि एक धार्मिक ग्रंथ को जला दिया गया। इसके बाद हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में पुलिस ने अब तक पांच FIR दर्ज की है और 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।