अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आपराधिक मामले में जेल जाना पड़ा है। उन्होंने अटलांटा की जेल में आत्मसमर्पण किया है। डोनाल्ड ट्रंप को सरेंडर करने के 20 मिनट बाद 2 लाख डॉलर के बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया। उनके खिलाफ न्यूयॉर्क में एक पॉर्न स्टार को गुप्त रूप से पैसा देने का भी आरोप लगा है। वहीं ट्रंप पर टॉप सरकारी सीक्रेट दस्तावेज को गलत तरीके से अपने साथ रखने का आरोप लगा है। डोनाल्ड ट्रंप पर 2020 में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता बाइडेन को चुनाव में हराने के लिए साजिश करने का भी आरोप लगा है। ट्रंप के जेल जाने के बाद उनकी एक तस्वीर वायरल हो रही है। करीब दो साल बाद X (पूर्व में ट्विटर) पर लौटे डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस तस्वीर को शेयर किया है। इस मगशॉट तस्वीर को सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है।
क्या होती है मगशॉट तस्वीर?
किसी इंसान के कंधे तक की तस्वीर को मगशॉट तस्वीर कहा जाता है। इसके अलावा पुलिस कैदियों की जो तस्वीरें शेयर करती है उसे भी मगशॉट कहा जाता है। अमेरिका में किसी भी आरोपी और कैदी की गिरफ़्तारी के बाद मगशॉट लेना अनिवार्य होता है। कानून लागू करने वाली एजेंसी को गिरफ्तार किए गए इंसान का फोटोग्राफिक रिकॉर्ड रखना पड़ता है। इस रिकॉर्ड की मदद से एजेंसी और पीड़ित उसकी पहचान आसानी से कर पाते है। अमेरिका में अपराधियों की तस्वीरें खींचना फोटोग्राफी के आविष्कार के कुछ ही साल बाद शुरू हो गया था। कुछ समय बाद इसे पुलिस की औपचारिक कार्रवाई का एक हिस्सा बना दिया गया।
बता दें कि अमेरिका में जेल जाने वाले सभी कैदियों का उम्र से लेकर वजन तक का नाप लिया जाता है। साथ ही कैदी का मगशॉट यानि तस्वीर लिया जाता है। फुल्टन काउंटी जेल रिकॉर्ड के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप का कैदी नंबर P01135809 है। वहीं डोनाल्ड ट्रंप की लंबाई 6 फुट 3 इंच है। वहीं ट्रंप का वजन 97 किलो है और ट्रंप के बाल सुनहरे या स्ट्रॉबेरी बताए गए हैं। साल 2020 के चुनाव के दौरान अपनी हार को पलटने के आरोप में डोनाल्ड ट्रंप को सजा सुनाई गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ट्रंप का मगशॉट
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेल में लिया गया अपना मग शॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किया। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। अटलांटा के हर्ट्सफील्ड जैक्सन हवाई अड्डे पर अपने निजी विमान में चढ़ने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए अपने ऊपर लगे सारे आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया। डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया को बताया कि उनके साथ जो कुछ भी हो रहा है वह न्याय का मजाक बना रहा है। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया और यह बात अमेरिका का हर वयक्ति जानता है।