उत्तर भारत के कई राज्यों में इस समय तेज ठंड पड़ रही है। इसके चलते सुबह-शाम के तापमान में भारी गिरावट होने के साथ धुंध और कोहरे छाए हैं। शनिवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश में कई जगह सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कश्मीर में बर्फबारी की वजह से अगले 24 घंटों के दौरान मौसम ज्यादातर इलाकों में सर्द रहने की उम्मीद है। कुछ स्थानों पर बारिश होने की भी संभावना है।

उधर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार को दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है। सुबह धुंध और कोहरे से विजीबिलिटी भी कम रही है।

IMD ने दिल्ली में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से एक डिग्री कम है। आईएमडी ने दिन के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। इसमें कहा गया है कि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत थी।

दक्षिण-पूर्व अरब सागर से आने वाली तूफानी हवाओं की वजह से लोगों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। अगले 4-5 दिनों के दौरान केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के ऊंचे इलाकों में तापमान में भारी गिरावट आई है।कंचनजंगा पर्वत श्रृंखला के पर्यटन स्थल संदकफू में मौसम की पहली बर्फबारी हुई।

घने कोहरे से बढ़ेगी परेशानी

शनिवार को पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों और शनिवार-रविवार को बिहार में तथा शनिवार-रविवार और सोमवार को असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

शनिवार और रविवार को केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भारी वर्षा हो सकती है। 12 दिसंबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2-4 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट होने की संभावना है। अगले 4-5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास कमी नहीं आएगी।