दिल्ली एनसीआर में गुरुवार (20 अप्रैल, 2023) शाम को बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने की आशंका जताई है। इसके साथ ही कुछ हिस्सों में हल्की-बूंदाबांदी होने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने दो दिन पहले दिल्ली एनसीआर में बारिश का अनुमान जताया था। कल बारिश के बाद लोगों को लू वाली स्थिति से बड़ी राहत मिली है।
‘स्काईमेट वेदर सर्विसेज’ के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा कि ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में मध्यम हवाओं के साथ बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान है। हालांकि, कुछ राज्यों में गर्मी ने कहर मचाया हुआ है। झारखंड और ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। झारखंड के कुछ इलाकों में जहां अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया है। रांची में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि 21 अप्रैल से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
रांची मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया, “21 अप्रैल से दो-तीन दिनों तक हल्की बारिश और आंधी चलने की संभावना है, जिससे तापमान में दो से चार डिग्री की कमी आ सकती है।” राज्य की राजधानी रांची में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं, भुवनेश्वर स्थित मौसम कार्यालय ने कहा कि ओडिशा का सबसे गर्म इलाका बौद्ध रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, उसके बाद भुवनेश्वर (43.2 डिग्री सेल्सियस), तालचेर और केंद्रपाड़ा (43 डिग्री सेल्सियस) का स्थान रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले एक-दो दिन में उत्तर प्रदेश में भी लोगों को प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पीटीआई के मुताबिक, लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बादलों की आवाजाही से आने वाले दो-तीन दिनों तक तापमान में कुछ गिरावट होगी। मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं, वहीं राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर ताप लहर की स्थितियां बनी रहीं।
इसके अलावा, मध्य प्रदेश में भी बारिश से लोगों को राहत मिली है। आईएमडी के भोपाल केंद्र के निदेशक आर बालासुब्रमण्यम ने कहा कि अगले कुछ दिनों में मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। बेमौसम बारिश के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बना हुआ है और पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब पर बना हुआ है जिसने मध्य प्रदेश में मौसम में बदलाव किया है।