बारिश के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम काफी सुहाना हो गया है। मई महीने की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। आने वाले दिनों में भी लोगों को इसी तरह राहत मिलने की उम्मीद है। स्काईमेट के मुताबिक, एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पाकिस्तान के मध्य भागों पर बना हुआ है। दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है और एक ट्रफ मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों विदर्भ, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 1 से 4 मई तक दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना रहेगा।

स्काईमेट की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु और केरल में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

दिल्ली में झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम

रविवार को झमाझम बारिश ने दिल्लावासियों को गर्मी से राहत दी है। इसके विपरीत पिछले साल अप्रैल महीने में दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अप्रैल में शहर का औसत अधिकतम तापमान 35.32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष 2020 के अप्रैल महीने के बराबर है, लेकिन यह वर्ष 2015 के बाद से सबसे कम है।

बिहार में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में बिहार के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग की तरफ से सोमवार को राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। एक और दो मई को अधिकतम तापमान में भी दो से चार डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में गरज और आंधी के साथ बारिश

बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कल गरज और आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई, जिसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं, मध्य प्रदेश नें तो कई जगहों पर ओले भी पड़े हैं।