उत्तर भारत में बुधवार को भीषण शीत लहर जारी रही। दिल्ली को हालांकि कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली जबकि पंजाब और हरियाणा में कंपकंपी छूटी। दोनों राज्यों के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया, और कश्मीर में डल झील के कुछ हिस्सों सहित कई जल निकाय जम गए। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री जबकि चंडीगढ़ में 3.8 डिग्री दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सिर्फ 0.1 डिग्री ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 3.8 डिग्री हो गया, जो मौसम के औसत से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। आईएमडी ने गुरुवार को दिल्ली में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में रहेगा शीत लहर का असर

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बुधवार को घना कोहरा छाया रहा जबकि मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भीषण शीत लहर और घना कोहरा छाए रहने का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अलावा दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में दो दिन तक शीत लहर अनुमान जताया गया है। आईएमडी का कहना है कि 20 जनवरी तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

पढ़ें- पहाड़ों पर तापमान शून्य से नीचे, उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पांच दिन बारिश और हिमपात होने की संभावना जताई गई है। राज्य में 20 स्थानों पर रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे चल रहा है। राज्य में 15 जनवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के पर्वतीय भागों में 16 से 20 जनवरी के बीच बारिश-बर्फबारी हो सकती है।

कश्मीर में ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर

कश्मीर घाटी में इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जो 40 दिन की भीषण ठंड की अवधि होती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और यह 30 जनवरी को समाप्त होगा। मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के दर्ज किए गए तापमान (शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे) से भी कम रहा। वहीं, दक्षिण कश्मीर में शोपियां घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया। इस भीषण ठंड के कारण डल झील के भीतरी हिस्सों समेत कई जलाशयों के कुछ हिस्से जम गए।

राजस्थान के कई हिस्सों में बुधवार को भी ठंड का कहर जारी रहा और बीकानेर जिले के लूणकरनसर में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सीकर के फतेहपुर में मंगलवार रात का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पढ़ें- देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स