भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में मुख्यत: बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ ही कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, सुबह के समय हल्का कोहरा रहने के आसार हैं। साथ ही अधिकतम तापमान गिरकर 19-21 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक 26.7 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 अधिक 7.7 रहा। आंकड़े बताते हैं कि चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 4.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सामान्य से अधिक रहा है। निगरानी केंद्रों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान सफदरजंग का 9.7 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान सर्वाधिक 9.7 डिग्री पालम का दर्ज किया गया है।

इसके अलावा आयानगर में 8.6 और रिज क्षेत्र में 8.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ जोकि दिल्ली के औसत तापमान से अधिक है। आईएमडी का कहना है कि अभी 22 जनवरी तक तापमान में 1-3 डिग्री तक की वृद्धि होगी लेकिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद तापमान में फिर से गिरावट आएगी।

पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई गलन

उत्तर भारत में बर्फबारी और बारिश की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत में पांच दिनों तक बर्फबारी और बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 22 से 25 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 जनवरी तक अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी और बारिश का अनुमान है। वहीं, इस दौरान इस राज्यों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 22 से 25 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली का तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक 26.7 दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 अधिक 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। विभागीय आंकड़े बताते हैं कि बीते चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 4.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस सामान्य से अधिक रहा है।

पंजाब और हरियाणा का मौसम

पंजाब और पड़ोसी राज्य हरियाणा में जारी ठंड के प्रकोप के बीच अमृतसर सोमवार को पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी रात ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम छह डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा में भिवानी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुरुग्राम में यह 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली का एक्यूआई

दिल्ली की हवा दो दिनों से गंभीर रूप से प्रदूषित है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सोमवार शाम 4 बजे 410 दर्ज किया गया, जबकि रविवार को यह 436 था। राजधानीवासियों को सांस लेने में तकलीफ के साथ आंखों में जलन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वजीरपुर सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा जहां एक्यूआई 464 तक पहुंचा। पूर्व-चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार, अगले दो दिन दिल्ली की हवा ‘गंभीर’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है। अगले 6 दिनों के लिए भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक मुंडका 460, आनंद विहार 451, रोहिणी 458, चांदनी चौक 436 और द्वारका 422 जैसी जगहों पर भी एक्यूआई गंभीर स्तर पर दर्ज किया गया।

पढ़ें- उत्तर भारत को परेशान कर रहा ठंड का टॉर्चर