Weather Forecast Today, 13 Jan 2024: दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है। यह इस सर्दी का सबसे कम तापमान है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि यह पिछले पांच सालों में सबसे कम न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है लेकिन कोहरे और धुंध से राहत नहीं मिलेगी।

मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली के कई हिस्सों में सुबह में घना कोहरा छाया रहा। भारतीय रेलवे के अनुसार, दिल्ली आ रही 23 ट्रेनें कोहरे की वजह से एक से 6 घंटे के विलंब से चलीं।

उत्तर भारत में रेड अलर्ट

आईएमडी ने कोहरे और शीतलहर के चलते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा – चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश बिहार के अलग-अलग स्थानों में न्यूनतम तापमान 3-7°C के बीच रहा।

ट्रेन और हवाई यातायात प्रभावित

जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड से लेकर यूपी-बिहार तक समूचा उत्तर भारत शुक्रवार को भी कड़ाके के ठंड से बेहाल रहा। वहीं, कोहरे के चलते रेल, हवाई और सड़क यातायात बाधित रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक सुबह और रात के समय घना कोहरा रहेगा। इसका सीधा असर ट्रेन और हवाई यातायात के साथ सड़क पर यात्रा भी दिखाई देगा। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ में दो दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

पटना में आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद

बिहार में शुक्रवार को भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा और कई जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान गया में दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक, गया में तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, अगले चार से पांच दिन में पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान नौ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस बीच, पटना के जिलाधिकारी चंद्र शेखर सिंह ने कड़ाके की ठंड के कारण आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 16 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। यह आदेश पूरे पटना जिले में प्रभावी होगा।