हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड की पहाड़ियों तक बर्फबारी है। साल के आखिरी महीने में भारी बर्फबारी चिंता का विषय तो है ही लेकिन पर्यटकों के लिए आनंद लेने की वजह भी बन गया है। जम्मू कश्मीर में भी हर तरफ बर्फ की सफेदी छाई हुई है। अटल टनल के रास्ते से लेकर मनाली तक पहुंचना भी आसान नज़र नहीं आ रहा है। जानकारी के मुताबिक अटल टनल के रास्ते में एक हज़ार से ज़्यादा गाड़ियां फंस गई थीं। जिसके बाद प्रशासन ने मोर्चा संभाला और लोगों को सहयोग दिया।
हिमाचल में कई रास्ते बंद
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाके सबसे ज़्यादा शीत लहर की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश में, ऊंचाई वाले आदिवासी इलाकों और पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले 24 घंटे में हिमाचल प्रदेश के 124 स्टेट और तीन नेशनल हाइवे बंद हो गए हैं। इनमें नेशनल हाइवे (NH 3) नेशनल हाइवे (NH 305) और नेशनल हाइवे (NH 505) हैं। हिमाचल प्रदेश के निचले पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। स्थानीय मौसम विभाग ने बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में सोमवार से चार दिनों के लिए कड़ाके की ठंड का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश के अटल टनल में 1000 से ज्यादा गाड़ियां फंस गई हैं, इस वजह से लंबा ट्रैफिक जाम लगा चुका है। लगातार हो रही बर्फबारी ने भी मुश्किल को और ज्यादा बढ़ा दिया है।
जम्मू कश्मीर में जमी पानी पाइप लाइन
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में भी अत्यधिक ठंड के कारण पानी की आपूर्ति लाइनें जम गई हैं और कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परतें जम गई हैं।
श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से लगभग चार डिग्री अधिक है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटक रिसॉर्ट शहर गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तराखंड के कई इलाकों में भी बर्फबारी जमकर हो रही है।