Delhi NCR Rain: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को भी कई जगहों पर बारिश (Rainfall) हो रही है। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत राजधानी दिल्ली के आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिन हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। गुरुवार को बारिश के बाद तापमान में और गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने शहर में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को सुबह 8:30 बजे तक 17.2 एमएम बारिश दर्ज हुई। जबकि इसके बाद शाम 5:30 बजे तक यह आंकड़ा 3.6 एमएम रहा। गुरुवार को सुबह सबसे ज्यादा बारिश आया नगर में सबसे 48 एमएम, पालम में 28.2 एमएम, लोधी रोड़ में 17 एमएम बारिश दर्ज हुई। वहीं शाम तक भी सबसे ज्यादा बारिश आया नगर और पालम में दर्ज की गई। विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। लेकिन ज्यादा बारिश की आशंका नहीं है।

आईएमडी ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

आईएमडी की ओर से मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया जाता है। इसके लिए चार रंगों का उपयोग किया जाता है। इसमें हरा रंग (कोई कार्रवाई आवश्यक नहीं), ‘पीला’ (देखें और अपडेट रहें), ‘नारंगी’ (तैयार रहें) और ‘लाल’ (कार्रवाई करें) के लिए उपयोग किया जाता है। आंकड़ों की बात करें तो एनसीआर के फरीदाबाद में प्रदूषण सूचकांक 82, गाजियाबाद में 94, ग्रेटर नोएडा में 125, गुरुग्राम में 146 और नोएडा में 94 दर्ज किया गया। उधर, दिल्ली में मुख्य सतही हवाएं 12-14 किमी प्रति घंटे की गति से दक्षिण-पूर्व दिशाओं से चली। शुक्रवार को हवाओं के गति में कुछ बढ़त हो सकती है और यह 22 किमी की गति तक मुख्य सतही हवा दक्षिणपूर्व दिशाओं से चल सकती हैं।