Heatwave Alert North India, Delhi Heat Wave: उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार से दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लू चलने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और अगले कुछ दिनों में यह 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।

कई क्षेत्रों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा

IMD ने चेतावनी दी है कि उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। दिल्ली में 6-7 अप्रैल तक कुछ इलाकों में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की आशंका है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।

Summer Vacation 2025: इस राज्य में 10 दिन पहले शुरू होंगी गर्मियों की छुट्टियां, सीएम ने किया ऐलान; यहां देखें पूरा शेड्यूल

भारत में अप्रैल से जून तक सामान्य से अधिक गर्मी रहने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर मध्य और पूर्वी भारत तथा उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में लू के ज्यादा दिन देखने को मिल सकते हैं। आमतौर पर देश में इस दौरान 4 से 7 हीटवेव वाले दिन दर्ज किए जाते हैं, लेकिन इस बार यह संख्या अधिक हो सकती है। राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में लू के प्रकोप की संभावना है।

पिछले साल भारत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी थी, जिसमें 536 हीटवेव वाले दिन दर्ज किए गए थे। यह 14 वर्षों में सबसे ज्यादा था। 2024 को अब तक का सबसे गर्म साल भी बताया गया है। इस साल भी फरवरी के अंत में ही हीटवेव की शुरुआत हो चुकी है, जबकि 2024 में पहली हीटवेव 5 अप्रैल को दर्ज की गई थी।

वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण हीटवेव की तीव्रता और आवृत्ति लगातार बढ़ रही है। 2022 के एक अध्ययन के अनुसार, इस सदी में हीटवेव का खतरा 10 गुना तक बढ़ सकता है और भारत के 70% से अधिक हिस्से को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। आंकड़े बताते हैं कि 2006 के बाद से भारत के सबसे गर्म 12 साल दर्ज किए गए हैं, जिनमें 2016 सबसे गर्म रहा है।