उत्तर भारत (North India) के कई राज्यों में भीषण ठंड पड़ रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा। इन राज्यों के कई शहरों में विजिबिलिटी बेहद कम रही। वहीं अगर तापमान की बात करें तो मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में आज (23 दिसंबर) न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में पड़ेगा घना कोहरा

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान रात और सुबह के घंटों में अधिकांश इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी घाना कोहरा छाये रहने की संभावना है।

दिल्ली में AQI गंभीर श्रेणी में

बता दें कि दिल्ली में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) भी गिर रहा है और ये खतरनाक श्रेणी में पहुंच चुका है। बता दें कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक दिल्ली का 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शाम चार बजे 342 रहा। दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र (Delhi University Area) में AQI 365 जबकि ITO के पास AQI 304 दर्ज किया गया। वहीं पटपड़गंज में AQI 427 दर्ज किया गया, जबकिविवेक विहार में AQI 335 दर्ज किया गया। वहीं जहांगीरपुरी इलाके में AQI 394 दर्ज किया गया।

शून्य और 50 के बीच AQI को अच्छा माना जाता है। जबकि 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 को के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब माना जाता है। वहीं 301 और 400 के बीच का AQI बहुत खराब और 401 और 500 के बीच का AQI गंभीर श्रेणी में आता है।

अगले दो दिन पड़ सकती है भीषण ठंड

वहीं मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट की भविष्यवाणी की है। सुबह के समय में और धुंध छाए रहने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में बठिंडा विशेष रूप से कोहरे से बुरी तरह प्रभावित है। क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख डॉ कुलदीप श्रीवास्तव (Dr Kuldeep Srivastava) ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली-एनसीआर में अगले दो से तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में तापमान में 1-2 डिग्री की कमी आ सकती है।