तापमान में इजाफे के पूर्वानुमान के बीच दिल्ली में शनिवार को पारे ने एक बार फिर गोता लगा दिया और न्यूनतम तापमान औसत से पांच डिग्री नीचे लुढ़क कर 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। 14 फरवरी को हल्की बरसात की भी संभावना है। जम्मू -कश्मीर ,पंजाब और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत में कई क्षेत्रों में शीतलहर जारी है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम छह बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 238 दर्ज किया गया जो कि ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान शनिवार को 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने यह जानकारी दी।

विभाग ने बताया कि दिन में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य है। इसके साथ ही, नमी 97 फीसद से 51 फीसद के बीच रही। मौसम विभाग ने रविवार सुबह धुंध रहने का अनुमान जताया है। वहीं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 डिग्री सेल्सियस और सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा। पंजाब और हिमाचल प्रदेश के एक या दो हिस्सों में शीत लहर की स्थिति उत्पन्न हुई। 10 से 14 फरवरी के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में, 10 और 11 फरवरी को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में, 10 और 12 फरवरी को ओडिशा में, 11 से 12 फरवरी के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश संभव है।