तेज उमस के बाद शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश से दिल्ली एनसीआर का मौसम बदल गया। जिससे शनिवार को दिन का तापमान 36.4 व रात का तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस दौरान जहां दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक वही न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे चला गया। मौसम विभाग ने रविवार को हल्की बारिश और 14 जुलाई को ठीक ठाक बारिश का अनुमान जताया है।
दिल्ली में बीते 24 घंटे में पालम में 37.1 डिग्री तापमान रहा जहां दो मिलीमीटर बारिश हुई। लोधी रोड में 9.2 मिली मीटर, रिज में 20 मिली मीटर, आयानगर में दो मिली मीटर बारिश हुई। हवा में नमी का स्तर 98 फीसद है। अगले 24 घंटे भी कमोबेश यही हाल रहने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के बाद मानसून अक्ष रेखा के पुन: सामान्य स्थिति में आने के कारण पूर्वी राजस्थान में 13 जुलाई से पश्चिमी राजस्थान में 15 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना है। आठ जिलों में बारिश का अलर्ट है।