Weather Forecast Today, Temperature Today Updates: हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 13 और 16 जनवरी को राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका के कारण नारंगी और यलो चेतावनी जारी की है। शिमला मौसम विभाग ने बताया कि कल्पा में एक सेमी बर्फबारी हुई वहीं कोठी में 11 मिमी, मनाली में छह मिमी, सेवबाग में पांच मिमी और भूंतर में तीन मिमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं राजस्थान के अधिकतर इलाकों में धूप निकलने तथा न्यूनतम तापमान में मामूली बढोत्तरी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात राज्य के अधितर हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के आसपास रहा। शनिवार रात न्यूनतम तापमान बूंदी में 4.4 डिग्री, कोटा में 4.9 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 5.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 5.1 डिग्री, चुरू में 6.1 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं राजधानी जयपुर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब में रविवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान बढ़ने से कई दिनों से जारी शीत लहर से लोगों को राहत मिली है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान बढ़कर सामान्य सीमा के करीब या उससे अधिक हो गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


लाहौल-स्पीति जिला प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस नीचे न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस कम और कुल्लु जिले के मनाली में शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया डलहौजी, कुफरी और शिमला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 1.5, 4 और 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने परामर्श जारी करते हुए कहा कि लाहुल-स्पीति, किन्नौर, सिरमौर, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा और सोलन जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश, बर्फबारी हो सकती है। वहीं 13 से 16 जनवरी के बीच उना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में तूफान की संभावना है।
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, आदमपुर, फरीदकोट और पठानकोट में न्यूनतम तापमान क्रमश:7.4 डिग्री, 9.9 डिग्री, 9.2 डिग्री, 10 डिग्री, 7.5 डिग्री और 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हलवाड़ा और बठिंडा में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को 19 जनवरी तक ऊंची पहाड़ी वाले स्थानों पर बारिश और बर्फबारी का पुर्वानुमान जताया है। साथ ही मौसम विभाग ने राज्य में बर्फबारी और बारिश को देखते हुए 13 जनवरी के लिए नारंगी चेतावनी और 16 जनवरी के लिए यलो चेतावनी जारी की। मौसम विभाग गंभीर और खतरनाक मौसम से लोगों को सचेत करने के लिए रंग-कोडित चेतावनी जारी करता है।
आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाके कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई इलाकों में शीतलहर रही। रविवार को राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम था।
हरियाणा के अंबाला, करनाल और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.1 डिग्री, 7.4 डिग्री और 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6 डिग्री और 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल में 3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रात का मौसम सर्द रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में इसमें 3 से 4 चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है। इसी तरह उत्तर प्रदेश में पछुआ पवनों के चलते ज्यादातर इलाकों में ठिठुरन भरी सर्दी पड़ रही है और आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 13 जनवरी को लोहड़ी के दौरान बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके साथ ही 15 और 16 दिल्ली और इसके आसपास क्षेत्रों में बारिश होगी। बता दें कि दिल्ली में शनिवार को बहुत ठंड रही। सुबह में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है।
बिहार में पिछले कुछ दिनों के दौरान, बिहार में हल्की बारिश देखने को मिली थी। अब 13 जनवरी यानि सोमवार तक उत्तर पश्चिमी दिशा से ठंडी और शुष्क हवाएँ चलेंगी। जिससे सुबह और रात के तापमान कुछ कम बन रहेंगे तथा इनमें हल्की गिरावट हो सकती है।
दिल्ली में रविवार को सुबह धूप खिली और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस अवधि के लिए समान्य है। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार आसमान में आज दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है। शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह नौ बजकर दस मिनट पर 327 दर्ज किया गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
स्काईमेट के मौसम पूर्वानुमान में पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में वेदर के शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है। साथ ही ज्यादातर क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा। झारखंड में तापमान में गिरावट होने से गलन वाली सर्दी फिर से पड़ सकती है। कहा जा रहा है कि झारखंड में कोहरा भी छा सकता है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी राज्यों में इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा, लेकिन आसमान में धूप छाई रहेगी।
मौसम विभाग ने कश्मीर में अगले 24 घंटों में हल्की बारिश और बर्फ गिरने की संभावना जारी की है। वहीं इसके बाद से व्यापक बर्फबारी की संभावना है। श्रीनगर में तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। रात के तापमान में कमी की वजह से डल झील, जल इकाईयों के कुछ हिस्से जम गए हैं और जल आपूर्ति लाइन प्रभावित है।
हिमाचल प्रदेश में तीन दिन पहले हुई लगातार बर्फबारी से अभी हालात सुधरे ही नहीं हैं शनिवार सुबह से आसमान में बादलो ने डेरा जमा लिया है। मौसम विशेषज्ञों ने शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई है, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं। इतना ही नहीं 13 जनवरी को शिमला, कांगड़ा, मंडी, किन्नौर और लाहुल स्पीति में ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को बारिश की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट के साथ ठंड में वृद्धि हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है। हिमस्खलन की आशंका भी जताई गई है।
उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट के साथ ठंड में वृद्धि हो सकती है। स्काईमेट की मानें तो अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।