Weather forecast: पंजाब और हरियाणा में तापमान सामान्य से कुछ अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि दिन और रात दोनों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री अधिक रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं जैसे-जैसे फरवरी का महीना बीत रहा है, दिल्ली-एनसीआर सहित मैदानी इलाकों में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल रही है। वहीं जम्मू और हिमाचल के कुछ इलाकों में पर्यटक बर्फबारी का मजा लेने के लिए पहुंच रहे हैं। दिल्ली एनसीआर में आज धूप खिली हुई है। हालांकि सुबह में घर से निकलने वालों को तेज हवा के कारण अधिक ठंड का सामना करना पड़ा।

हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिंदू कुश, पीर पंजाल और मध्य हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल सकता है। बर्फबारी की वजह से उत्तरी मैदानी इलाकों में एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में 21 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा बह रही है। हवा में नमी की मात्रा 47 प्रतिशत है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री रहने की संभावना है। अगले चार दिन में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।